रहने लायक शहरों में टॉप-100 में भारत के एक भी शहर नहीं : रिपोर्ट

दुनिया के रहने लायक शहरों में दिल्ली और मुंबई टॉप-100 में भी नहीं हैं। इकोनॉमिस्ट इंटेलिजेंस यूनिट(ईआईयू) की ओर से मंगलवार को जारी सालाना लिस्ट में दिल्ली 120वें तथा मुंबई 121वें स्थान पर है। कोपेनहेगन ने लगातार दूसरे साल पहला स्थान हासिल किया है। ऑस्ट्रिया के वियना पछाड़कर कोपेनहेगन पहले नंबर पर बना रहा। वियना पहले लगातार तीन साल तक टॉप पर रहा था। दिल्ली और मुंबई ने अपनी पिछले साल की रैंकिंग बरकरार रखी है।

‘द इकोनॉमिस्ट’ मैगजीन की सहयोगी संस्था ईआईयू ने दुनिया भर के 173 शहरों को कई पैमानों पर रैंक किया है। जिनमें शिक्षा, स्थिरता, स्वास्थ्य, इंफ्रास्ट्रक्चर और संस्कृति शामिल हैं। कोपेनहेगन को स्थिरता, इंफ्रास्ट्रक्चर और शिक्षा सहित तीन कैटेगरी में परफेक्ट स्कोर मिला है। यानि 100 में से 100 अंक मिले हैं।

अलग-अलग पैमानों पर 100 अंकों में दिल्ली और मुंबई का स्कोर 50 और 60 के बीच है। हालांकि दोनों शहरों की स्थिति पिछले कुछ सालों में लगातार सुधरी है। 2023 में 141वें स्थान पर ये दोनों शहर थे। तब ओवरऑल स्कोर 60 था। वहीं 2025 में यह ऊपर चढ़कर 120-121 वें स्थान पर आया। 2014 से ईआईयू हर साल रैंकिंग जारी कर रही है। इकोनॉमिस्ट इंटेलिजेंस यूनिट के प्रवक्ता के अनुसार कोपेनहेगन की टॉप पर लगातार सफलता का कारण स्थिरता और इंफ्रास्ट्रक्चर में बेहतरीन स्कोर, शानदार संस्कृति और पर्यावरण, और लोक सेवाओं की उच्च गुणवत्ता है।

इस इंडेक्स में शामिल सभी 19 चीनी शहरों के स्वास्थ्य के स्कोर में सुधार हुआ है। रिपोर्ट में कहा गया है कि सोशल इंश्योरेंस को बढ़ाने और स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने की कोशिशों की वजह से सुधार हुआ है। हेल्थकेयर कैटेगरी में पांच चीनी शहरों का स्कोर 80 से अधिक है। इस साल सबसे अधिक सुधार करने वाले शहरों की लिस्ट में इन्हीं का दबदबा है। सूचकांक में एशियाई शहरों के औसत स्कोर में 0.3 अंक की वृद्धि हुई। इस साल एशिया सबसे बेहतर क्षेत्र बना है। 58 एशियाई शहरों का औसत स्कोर 73.9 है।

इस लिस्ट में नीचे नीचे के दस शहरों में लगभग सभी युद्ध या गरीबी, या दोनों से प्रभावित हैं। सुरक्षा के मामले में सभी का स्कोर विशेष रूप से खराब है। दमिश्क (सीरिया) सबसे निचली रैंकिंग वाला शहर बना हुआ है क्योंकि यह अपने गृहयुद्ध से लगातार उबर रहा है। हालांकि, दिसंबर 2024 के बाद से स्वास्थ्य सेवा के लिए इसके स्कोर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जब तत्कालीन राष्ट्रपति बशर अल-असद के शासन को उखाड़ फेंका गया था।

ईरान के साथ युद्ध के असर खाड़ी क्षेत्र के शहरों की रैंकिंग में भी दिखे, जहां स्थिरता श्रेणी के स्कोर में गिरावट आई। सबसे ज़्यादा गिरावट ओमान की राजधानी मस्कट (14 स्थान गिरकर 123वें स्थान पर) और कुवैत सिटी (12 स्थान गिरकर 105वें स्थान पर) में देखी गई। पिछले साल दंगे और अशांति के कारण स्कोर में गिरावट के बाद यूनाइटेड किंगडम ने वापसी की है। मैनचेस्टर दूसरी बार अपने सबसे ऊंची रैंकिंग वाले शहर के तौर पर 52वें स्थान पर है।

रहने लायक दुनिया के शीर्ष 10 शहर

शहर देश रैंकिंग

कोपेनहेगन डेनमार्क 1

वियेना ऑस्ट्रिया 2

मेलबॉर्न ऑस्ट्रेलिया 3

सिडनी ऑस्ट्रेलिया 4

ज्यूरिख स्विटजरलैंड 5

जेनेवा स्विजरलैंड 6

ओसाका जापान 7

एडिलेड ऑस्ट्रेलिया 8

वैंकुवर कनाडा 9

टोक्यो जापान 10

रहने के लिए सबसे खराब हालात वाले शहर

शहर देश रैंकिंग

तेहरान ईरान 164

हरारे जिम्बॉब्वे 165

कीव यूक्रेन 166

पोर्ट मोर्सबे पापुआ न्यू गिनी 167

लागोस नाइजीरिया 168

अल्जीयर्स अल्जीरिया 169

कराची पाकिस्तान 170

ढाका बांग्लादेश 171

त्रिपोली लिबिया 172

दमस्कस सीरिया 173