दुनिया के 15 सबसे VIP फोन नंबर्स का मालिक, जिसके नाम दर्ज हैं 4 गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड
क्या आपको अपना मोबाइल नंबर याद रखने में मुश्किल होती है? एक शख्स ने इस आम सी परेशानी को एक ऐसे अनोखे जुनून में बदल दिया, जिसने उसे सीधा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स (Guinness World Records) की किताब में पहुंचा दिया. मिलिए एक ऐसे गुमनाम कलेक्टर (Collector) से, जिनके पास दुनिया के 15 सबसे अनाखे और VIP मोबाइल नंबर्स का कलेक्शन है. इस कलेक्शन को उन्होंने गोल्डन डिजिट्स (Golden Digits) नाम दिया है.
इस अनोखे शौक की शुरुआत 15 साल पहले एक इत्तेफाक से हुई. एक दिन इस शख्स का मोबाइल फोन खराब हो गया और उन्हें अपना ही फोन नंबर याद करने में पसीने छूट गए. तब उनके एक दोस्त ने सलाह दी कि तुम्हें एक ऐसा नंबर लेना चाहिए, जिसे याद रखना बच्चों का खेल हो. बस फिर क्या था, इस सलाह ने एक ऐसे सफर की शुरुआत की, जिसने इस शख्स को VIP नंबर्स का सबसे बड़ा सिकंदर बना दिया. उसने सोचा कि आखिर बार-बार दोहराए जाने वाले नंबर (Recurring digits) से आसान क्या हो सकता है? और फिर इसी को सच करने की जद्दोजहद में लग गया.
इस ‘गोल्डन डिजिट्स’ कलेक्शन में कुल 15 नंबर्स हैं, जिनमें से 0 से 9 तक के परफेक्ट कॉम्बिनेशन वाले नंबर्स शामिल हैं. लेकिन सबसे खास बात यह है कि इनमें से 4 नंबर्स के नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हैं. ये इतालवी (+39) नंबर्स कुछ इस तरह हैं:-
सबसे ज्यादा लगातार एक जैसे अंक (10 बार): (+39) 3333333333
सबसे ज्यादा घटते क्रम वाले अंक (8 बार): (+39) 3376543210 (Descending digits)
सबसे ज्यादा बढ़ते क्रम वाले अंक (8 बार): (+39) 3401234567 (Ascending digits)
एक नंबर में सबसे ज्यादा एक जैसे अंक (कुल 11 बार): (+39) 3333333333
जब इस गुमनाम कलेक्टर से इन ‘गोल्डन डिजिट्स’ की कीमत पूछी गई, तो उन्होंने कहा कि ये अनमोल हैं. चूंकि ये नंबर्स पूरी दुनिया में सिर्फ एक ही हैं, इसलिए इनकी कोई कीमत नहीं लगाई जा सकती.
दुनिया में VIP नंबर्स किस कीमत पर बिकते हैं, इसका अंदाजा इतिहास की कुछ बड़ी नीलामियों से लगाया जा सकता है. साल 2006 में दोहा की एक चैरिटी नीलामी में 666-6666 नंबर 2.75 मिलियन डॉलर (आज के हिसाब से लगभग 23 करोड़ रुपये) में बिका था. इससे पहले साल 2003 में चीन में 8888-8888 नंबर करीब 2.80 लाख डॉलर में खरीदा गया था. चीनी संस्कृति में ‘8’ नंबर को सुख-समृद्धि का प्रतीक माना जाता है.
इस कलेक्टर का कहना है कि आप कोई भी बेहतरीन कलेक्शन तभी बना सकते हैं, जब वह चीज आपके दिल के करीब हो. एक मजेदार फैक्ट यह भी है कि VIP नंबर्स के अलावा, यह शख्स फुटबॉल टीमों के शॉर्ट्स (Shorts) इकट्ठा करने का भी शौकीन है.
