सिक्किम को भारत का पड़ोसी देश बताकर फंसे कांग्रेस के अजय कुमार

कांग्रेस के सीनियर नेता और पूर्व IPS अधिकारी अजय कुमार विवादों में घिर गए हैं। उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सिक्किम को गलती से पड़ोसी विदेशी देश कहकर बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। सिक्किम 1975 से ही भारत का अभिन्न अंग रहा है, फिर भी इस चौंकाने वाली चूक की कड़ी आलोचना हुई है और पार्टी की देश के बारे में समझ पर सवाल उठाए गए हैं। बीजेपी ने अजय कुमार निशाना साधते हुए कहा कि जैसा गुरु, वैसा चेला। हालांकि यह मामला पुराना बताया जा रहा है। इस पर अजय कुमार ने अपनी गलती बताते हुए माफी भी मांगी थी। लेकिन बीजेपी ने उनके बयान को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसके बाद यह क्लिप वायरल हो गई है।

केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए अजय कुमार ने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार हमने अपने पड़ोसी देशों के साथ संबंध बर्बाद कर लिए। सिक्किम भी हमें आंख दिखा रहा है। बांग्लादेश भी आंख दिखाता है, नेपाल भी आंख दिखा रहा है, श्रीलंका का तो कुछ कह ही नहीं सकते। पाकिस्तान तो पहले से ही ऐसा है।

अजय कुमार के इस बयान की वीडियो क्लिप वायरल हो गई और वह निशाने पर आ गए। बीजेपी ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, ‘जैसा गुरु, वैसा चेला… कांग्रेस नेता अजय कुमार ने सिक्किम को ‘पड़ोसी देश’ बता दिया! क्या यही है कांग्रेस की असली सोच? आखिर एक भारतीय राज्य को पड़ोसी देश कैसे कहा जा सकता है? क्या कांग्रेस भारत-विरोधी ताकतों के साथ मिलकर एक भारतीय राज्य को देश से अलग करने का प्लान बना रही है?’

अजय कुमार की इस गलती पर वह सोशल मीडिया पर ट्रोल भी हो गए। जितेंद्र प्रताप सिंह नाम के एक यूजर ने लिखा कि भारत ने अब पड़ोसी देशों के साथ इस कदर संबंध बड़ा बर्बाद कर दिए हैं कि अब हमारा छोटा पड़ोसी देश सिक्किम भी हमको आंख दिखा रहा है :- अजय कुमार कांग्रेस प्रवक्ता और हां अजय कुमार आईपीएस रह चुके हैं और टाटा ग्रुप में वाइस प्रेसिडेंट सिक्योरिटी भी रह चुके हैं तो आप इसे स्लिप आफ टंग नहीं कह सकते। सुमित कालरा ने कहा कि अब कांग्रेस में कचड़ा ही बचा है बाकी होनहार तो अपना जगह ले लिए… सिक्किम अपना राज्य है पड़ोसी नहीं। आईपीएस बने थे या बनाए गए थे?