जब दुनिया में फैली थी नाचने वाली महामारी!
मानव इतिहास में कई अजीबोगरीब महामारियां आई हैं. कुछ ने लाखों लोगों को बीमार किया, कुछ ने मौत दी, लेकिन 1518 की ‘डांसिंग प्लेग’ शायद सबसे विचित्र और रहस्यमयी घटना है. जुलाई 1518 में फ्रांस के स्ट्रासबर्ग शहर (तब पवित्र रोमन साम्राज्य का हिस्सा) में एक महिला अचानक सड़क पर नाचने लगी थी. वह कई दिनों तक बिना रुके नाचती रही. कुछ दिनों में सैकड़ों लोग उसके साथ जुड़ गए.
बताया जाता है कि एक महिला के नाचने से शुरू हुआ ये सफर करीब चार सौ लोगों तक जा पहुंचा था. ये क्यों शुरू हुआ और इसकी वजह क्या थी, ये आज भी एक रहस्य है. सोशल मीडिया पर इस महामारी से जुड़ी कई कहानियां शेयर की गई है, जिसने इतने सालों बाद फिर से इसे वायरल कर दिया है.
सबसे पहले Frau Troffea नाम की एक महिला बिना किसी संगीत के नाचने लगी थी. वह हफ्ते भर तक लगातार नाचती रही. फिर और लोग उसके साथ शामिल होते गए. एक महीने के अंदर करीब 400 से ज्यादा लोग अनियंत्रित रूप से नाच रहे थे. लोग थकान से चूर हो जाते, फिर भी रुक नहीं पाते थे. कई लोगों के पैरों में खून बहने लगा, कुछ के दिल का दौरा पड़ गया और वे मर गए. अनुमान है कि इस महामारी से सैकड़ों मौतें हुई थी.
डॉक्टर्स ने इसे “हॉट ब्लड” की बीमारी बताया था. वहीं धर्मगुरुओं ने इसे शैतान का प्रभाव माना था. उन्होंने इसे श्राप का असर बता दिया था. शहर के अधिकारियों ने संगीतकारों को बुलाकर और ज्यादा नाचने के लिए प्रोत्साहित किया ताकि लोग थककर गिर जाएं. लेकिन उन्हें रोकने का ये आइडिया फेल हो गया था. कई लोग नाचने की वजह से मौत के मुंह में समा गए. इसके बाद अपने आप ही ये महामारी खत्म हो गई.
आज के वैज्ञानिक इसे mass psychogenic illness (सामूहिक मानसिक बीमारी) मानते हैं. दरअसल, उस समय भुखमरी, तनाव, सिफलिस जैसी बीमारियां और एर्गोट फंगस (राई में लगने वाला फंगस जो LSD जैसा प्रभाव देता है) फैली थी. इन सबको भी कारण माना जाता है. कुछ महीनों बाद धीरे-धीरे लोगों ने थककर या मरकर नाचना बंद कर दिया. और स्ट्रासबर्ग फिर से सामान्य हो गया. यह घटना दिखाती है कि सामूहिक तनाव और सामाजिक दबाव कितना खतरनाक हो सकता है. आधुनिक दुनिया में भी mass hysteria के मामले देखे जाते हैं. 1518 की डांसिंग प्लेग मानव इतिहास की सबसे अजीब महामारियों में से एक है. यह हमें याद दिलाती है कि विज्ञान और समझ के बिना अंधविश्वास और तनाव कितना नुकसान पहुंचा सकते हैं.
