लखनऊ: बुद्धेश्वर में नगर निगम टीम पर हमला, दारोगा का गला दबाया…
लखनऊ के बुद्धेश्वर इलाके में नगर निगम की कार्रवाई के दौरान पुलिस और नगर निगम की टीम पर हमला कर दिया गया. बताया जा रहा है कि सार्वजनिक सड़कों और नालियों पर गोबर और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची थी. इसी दौरान करीब 20-25 लोगों ने टीम का विरोध करते हुए पुलिस टीम पर हमला कर दिया.
बताया जा रहा है कि हमलावरों पर एक दारोगा का गला दबाकर हत्या की कोशिश किए जाने का आरोप है. वहीं, एक महिला ने लोहे की जंजीर से दारोगा के सिर पर कई वार किए. अचानक हुए हमले से मौके पर अफरातफरी मच गई. हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. मामले में पुलिस ने करीब 12 से ज्यादा लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जबकि दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है.
नगर निगम की टीम बुद्धेश्वर इलाके में सार्वजनिक जगहों पर गोबर और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ अभियान चला रही थी. इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद थी. कार्रवाई शुरू होते ही वहां मौजूद लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया.
लखनऊ के पारा इलाके में अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम और पुलिस की टीम पर हमले का मामला
हमले के वक्त का वीडियो आया सामने
किस तरह से दरोगा को बुरी तरह से पीटा जा रहा है दरोगा की पिटाई का वीडियो वायरल.
आज पारा इलाके में पुलिस और नगर निगम की टीम उसी अवैध अतिक्रमण को हटाने पहुंची है… pic.twitter.com/515xfwKOFJ
— Sandeep Mishra (@sandeepmishraLK) August 18, 2026
पुलिस के मुताबिक, हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है. वहीं, गिरफ्तार की गई दोनों महिलाओं से भी पूछताछ की जा रही है. मामले में सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों पर हमला करने समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है.
बुद्धेश्वर इलाके में नगर निगम की कार्रवाई के दौरान पहले भी टीम के विरोध की घटनाएं सामने आती रही हैं. 2024 में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने नगर निगम की टीम का विरोध किया था और जेसीबी पर पथराव किया गया था.
