Share Market : हफ्ते के आखिरी दिन भी शेयर बाजार में बिकवाली हावी, जानें सेंसेक्स-निफ्टी कितना फिसले
शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में भारी गिरावट दर्ज की गई। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने से बाजार प्रभावित हुए। वैश्विक बाजारों में कमजोर रुझान और विदेशी पूंजी की निकासी ने भी निवेशकों की धारणा को नुकसान पहुंचाया। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 628.24 अंक गिरकर 74,257.69 पर आ गया। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 221.20 अंक गिरकर 23,255.10 पर बंद हुआ। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में बजाज फाइनेंस, इंटरग्लोब एविएशन, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट और एक्सिस बैंक प्रमुख पिछड़ने वाले रहे।
वहीं, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, इंफोसिस, भारती एयरटेल और आईटीसी बढ़ने वाले शेयरों में शामिल थे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल 0.95 फीसदी ऊपर 108.7 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। गुरुवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 438.24 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची। गुरुवार को सेंसेक्स 138.36 अंक या 0.19 फीसदी बढ़कर 74,902.59 पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 46.30 अंक या 0.20 फीसदी बढ़कर 23,477.80 पर समाप्त हुआ था।
