तेलंगाना CM बोले- कांग्रेस राम और भाजपा रावण: रावण को हराने के लिए राम का साथ देना होगा
तेलंगाना के सीएम ए रेवंत रेड्डी ने गोवा में कांग्रेस की एक सभा को संबोधित करते हुए रामायण का उदाहरण देकर कांग्रेस और भाजपा की तुलना की। उन्होंने कहा कि भाजपा रावण है, जो लोगों को बांट रही है, जबकि कांग्रेस राम है। अगर आप रावण को हराना चाहते हैं, तो आपको राम का समर्थन करना होगा। उन्होंने आगे कहा कि उन्हें भरोसा है कि 2027 के गोवा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सत्ता में आएगी। गोवा में उन्हें वैसा ही उत्साह दिख रहा है, जैसा 2023 के तेलंगाना विधानसभा चुनाव से पहले देखने को मिला था।
भाजपा लोगों को बांटने के लिए यहां आई है। छोटी पार्टियों को दिया गया कोई भी वोट भाजपा को जाएगा। मैं इस बार गोवा के लोगों से अपील करता हूं कि वे सिर्फ हाथ के निशान पर वोट दें।
रेड्डी बोले- वोट देने से पहले दो बार सोचें
दक्षिण गोवा पारंपरिक रूप से कांग्रेस का मजबूत गढ़ रहा है। अगर मतदाता कांग्रेस का समर्थन नहीं करते हैं, तो छोटी पार्टियों के उभरने से भाजपा को सत्ता में बने रहने में मदद मिल सकती है।
हाथ के निशान पर वोट दिए बिना आप भाजपा को नहीं हरा सकते। वोट देने से पहले दो बार सोचें। आप किसे राज्य चलाते हुए देखना चाहते हैं, ड्रग माफिया को या बिल्डर माफिया को। अगर आप एक बार गलती करते हैं, तो आगे बढ़ सकते हैं। दूसरी बार गलती करते हैं, तो उसे भी सुधार सकते हैं। लेकिन तीसरी बार वही गलती की, तो भगवान भी हमें नहीं बचा सकते।
राहुल गांधी लोगों को एकजुट करने के लिए काम कर रहे हैं, जबकि भाजपा उन्हें बांटने की कोशिश कर रही है। राहुल गांधी मोदी सरकार की तानाशाही के खिलाफ युवाओं, विपक्ष और देश की लड़ाई का नेतृत्व कर रहे हैं।
पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार भारत में लोकतंत्र को खत्म कर रही है। उन्होंने चुनाव आयोग को बर्बाद कर दिया है। वे SIR का गलत इस्तेमाल कर अपने विरोधियों के करोड़ों समर्थकों के वोट हटाने के लिए कर रहे हैं।
पीएम मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार देश में नागरिकों के दो वर्ग बना रहे हैं। एक जिन्हें वोट देने का अधिकार है और दूसरा जिन्हें इससे वंचित किया जा रहा है।
