राष्ट्रपति मुर्मू आज रायपुर में, शहर की 13 से अधिक सड़कें रहेंगी बंद
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दो दिवसीय प्रवास के दौरान शहर की 13 से ज्यादा सड़कों पर आवाजाही प्रभावित रहेगी। माना एयरपोर्ट से लोकभवन, बूढ़ापारा इनडोर स्टेडियम, गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर और नवा रायपुर स्थित सीएम हाउस तक उनके काफिले की आवाजाही के दौरान प्रमुख मार्गों पर यातायात रोका जाएगा। सुरक्षा के लिए बैरिकेड्स और बांस लगाकर रास्ते बंद किए जाएंगे।
काफिला गुजरने से करीब आधे घंटे पहले ट्रैफिक रोकने और काफिला रवाना होने के 10 से 15 मिनट बाद रास्ते खोलने की व्यवस्था रहेगी। इससे शहर के 30 हजार से ज्यादा लोगों की आवाजाही प्रभावित होने का अनुमान है।
राष्ट्रपति गुरुवार दोपहर 12.15 बजे माना एयरपोर्ट पहुंचेंगी। वहां से सीधे सिविल लाइंस स्थित लोकभवन जाएंगी। यहां करीब तीन घंटे आराम करने के बाद दोपहर 3 बजे बूढ़ापारा के इनडोर स्टेडियम में कार्यक्रम में शामिल होंगी। करीब दो घंटे बाद वापस लोकभवन लौटेंगी और वहां दो घंटे लोगों से मुलाकात करेंगी।
इसके बाद गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर और फिर भोजन के लिए नवा रायपुर स्थित सीएम हाउस जाएंगी। वहां एक घंटे रुकने के बाद लोकभवन लौटकर रात्रि विश्राम करेंगी। अगले दिन सुबह 9 बजे बस्तर रवाना होंगी।
वहां से शाम को रायपुर लौटकर दिल्ली जाएंगी। राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए 2000 से ज्यादा जवान तैनात किए जाएंगे। आईजी, डीआईजी समेत सभी रैंक के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए दूसरे शहरों से भी पुलिस बल बुलाया गया है।
शंकरनगर, सिविल लाइंस में हो सकती है ज्यादा परेशानी
राष्ट्रपति का काफिला शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगा। इस दौरान यातायात रोकने से शंकर नगर, सिविल लाइंस और बूढ़ापारा में लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हो सकती है। प्रमुख चौराहों पर जाम लगने की आशंका है। अलग-अलग समय पर काफिले की आवाजाही के कारण कई मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा।
3 आईजी, 6 डीआईजी, 10 एसपी रैंक के अधिकारियों की ड्यूटी
राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी 3 आईजी, 6 डीआईजी 10 एसपी रैंक के अधिकारियों समेत 100 से ज्यादा अधिकारियों को सौंपी गई है। इनमें आईपीएस से लेकर एएसपी, डीएसपी, टीआई और एसआई रैंक के अधिकारी शामिल हैं। पुलिस मुख्यालय, बटालियन और दूसरे शहरों से भी अधिकारी-कर्मचारी बुलाए गए हैं।
दोपहर 12 से 1 बजे तक : माना एयरपोर्ट से लोकभवन तक
राष्ट्रपति एयरपोर्ट से वीआईपी रोड, फुंडहर चौक, एक्सप्रेस-वे, शंकर नगर ओवरब्रिज, एसआरपी चौक और पुराने पुलिस मुख्यालय से होते हुए लोकभवन जाएंगी। काफिले के पहुंचने से करीब आधे घंटे पहले रास्ता बंद कर दिया जाएगा। काफिला गुजरने के 10 से 15 मिनट बाद यातायात बहाल किया जाएगा। इस दौरान 14 किलोमीटर लंबी सड़क के दोनों ओर रहने वाले लोग प्रभावित होंगे।
दोपहर 3 से 5 बजे तक : लोकभवन से इनडोर स्टेडियम
राष्ट्रपति का काफिला लोकभवन से सिविल लाइंस, काली मंदिर, ओसीएम चौक, महिला थाना, निगम मुख्यालय, सप्रे शाला और श्याम टॉकीज होते हुए इनडोर स्टेडियम पहुंचेगा। काफिले के निकलने से करीब 25 मिनट पहले रास्ते बंद कर दिए जाएंगे। उसके गुजरने के 10 मिनट बाद यातायात बहाल होगा। शाम करीब 5 बजे राष्ट्रपति की वापसी के दौरान भी यही व्यवस्था रहेगी। करीब ढाई किलोमीटर लंबे इस मार्ग के दोनों ओर घनी आबादी है।
शाम 7 से रात 9 बजे तक : गायत्री नगर और नवा रायपुर
राष्ट्रपति शाम को भोजन के लिए लोकभवन से कलेक्टोरेट चौक, गौरवपथ और शंकर नगर होते हुए गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर जाएंगी। दर्शन के बाद शंकर नगर एक्सप्रेस-वे, फुंडहर चौक, वीआईपी रोड और एयरपोर्ट होते हुए नवा रायपुर स्थित सीएम हाउस पहुंचेंगी।
काफिले के निकलने से करीब 25 मिनट पहले रास्ते बंद होंगे और उसके गुजरने के 10 मिनट बाद यातायात बहाल किया जाएगा। रात में भोजन के बाद वापसी के दौरान भी एयरपोर्ट होकर शहर आने वाले मार्ग पर यातायात रोका जाएगा। इस दौरान करीब 21 किलोमीटर लंबी सड़क पर दो बार आवाजाही प्रभावित होगी।
