भोपाल में बड़ा हादसा: फ्लाईओवर ब्रिज पर स्कूल वैन बिजली के खंभे से टकराई
भोपाल के कोहेफिजा थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोहेफिजा थाने के सामने स्थित फ्लाईओवर ब्रिज पर एक स्कूल वैन अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे के समय वैन में स्कूली छात्राएं और स्कूल स्टाफ मौजूद थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में आधा दर्जन से अधिक छात्राएं घायल हो गईं। वहीं, वैन की आगे की सीट पर चालक के पास बैठी एक स्कूल स्टाफ सदस्य और एक छात्रा गंभीर रूप से घायल बताई जा रही हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद आसपास मौजूद राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने घायल बच्चियों और स्कूल स्टाफ को वैन से बाहर निकालकर एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। लोगों की तत्परता से घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वैन पर Sian International School और Bhopal Girls School का नाम लिखा हुआ था। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वैन किस स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही थी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है। साथ ही, वैन की तकनीकी स्थिति, चालक की लापरवाही अथवा किसी अन्य कारण की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने घायलों के बेहतर उपचार के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की बात कही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घटना से संबंधित कोई भी जानकारी होने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें।
