क्या समंदर से निकले एलियंस? ब्रिटेन के समुद्री तटों पर बहकर आए सैकड़ों नीले रहस्यमयी जीव
अगर आप समंदर किनारे घूम रहे हों और अचानक रेत पर नीले रंग के सैकड़ों अजीब से जीव बिखरे दिखें, तो एक पल को तो लगेगा ही कि शायद कोई एलियन उतर आया है. कुछ ऐसा ही नजारा आजकल ब्रिटेन के खूबसूरत समुद्र तटों पर देखने को मिल रहा है. कम्ब्रिया के सेंट बीज बीच और वेल्स के तटों पर अचानक से सैकड़ों चमकीले नीले जीव पानी के साथ बहकर किनारे पर आ गए हैं. पहली नजर में लोग इन्हें जेलीफिश समझ रहे थे, लेकिन जब असलियत सामने आई तो हर कोई हैरान रह गया.
वैज्ञानिक भाषा में इन्हें ‘वेलेला वेलेला’ (Velella Velella) और आम भाषा में ‘बाय-द-विंड सेलर्स’ (By The Wind Sailors) कहा जाता है. देखने में यह भले ही एक अकेला जीव लगे, लेकिन असल में यह छोटे-छोटे कई जीवों का एक समूह होता है, जो मिलकर एक साथ काम करते हैं.
इनका आकार लगभग 2 इंच होता है. इनके शरीर के ऊपर एक छोटा सा पारदर्शी पाल (Sail) बना होता है. हवा जब इस पाल से टकराती है, तो ये किसी छोटी नाव की तरह पानी की सतह पर तैरते रहते हैं. चूंकि ये हवा के सहारे तैरते हैं, इसलिए तेज हवाएं इन्हें किनारे की तरफ धकेल देती हैं.
विशेषज्ञों का कहना है कि यह नजारा एक दशक से भी ज्यादा समय बाद इतने बड़े पैमाने पर देखा गया है. इसके पीछे दो मुख्य वजहें हैं. पहला है तेज पश्चिमी हवाएं. समंदर में उठे तूफानों के बाद बहने वाली हवाएं इन्हें खींचकर किनारे ले आईं. दूसरा ब्रिटेन में भीषण गर्मी. ब्रिटेन में इन दिनों कई इलाकों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. असामान्य रूप से गर्म मौसम के कारण इन जीवों की संख्या बढ़ी है.
रेत पर बिखरी इन नीली सुंदर आकृतियों को देखकर लोग तस्वीरें लेने से खुद को रोक नहीं पा रहे हैं. स्थानीय पर्यटक लुईस निकोलसन ने बताया, वहां सैकड़ों नीले जीव बिखरे थे, जो बेहद खूबसूरत लग रहे थे. इतनी धूप भरे दिन में यह एक अद्भुत नजारा था.
हालांकि ये जहरीले ‘पुर्तगाली मैन ओ’ वार’ की तरह बहुत ज्यादा खतरनाक नहीं होते, लेकिन कुम्ब्रिया वाइल्डलाइफ ट्रस्ट ने इसे लेकर लोगों को चेताया है और इन्हें दूर से ही देखने की सलाह दी गई है. अगर आप इन्हें छूते हैं और फिर वही हाथ अपनी आंखों, होंठों या चेहरे पर लगा लेते हैं, तो तेज जलन और खुजली हो सकती है
