दुर्ग : वॉशिंग पाउडर की आड़ में बन रहा था गुटखा, किराए के गोदाम में फैक्ट्री, पुलिस ने मारी रेड

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में वॉशिंग पाउडर की पैकिंग की आड़ में अवैध रूप से जर्दा युक्त गुटखा बनाने की फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। पुलिस ने छापेमारी कर गुटखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल, पैकिंग का सामान और मशीनें बरामद कीं। कार्रवाई के बाद फैक्ट्री को सील कर दिया गया है। जांच में पता चला कि उत्तर प्रदेश निवासी आरोपी मोहम्मद सानू ने निरमा पाउडर की पैकिंग का काम बताकर 15-20 दिन पहले गोदाम किराए पर लिया था। कुछ समय बाद उसने अपना मोबाइल बंद कर दिया। गोदाम मालिक ने उससे संपर्क करने की कई बार कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी। इसी दौरान गोदाम में संदिग्ध गतिविधियां नजर आने लगीं, जिसके बाद मालिक ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने छापेमार कार्रवाई की। पुलिस ने फरार आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मामला जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के कचांदूर गांव का है।

सुपेला निवासी मोहम्मद मुस्तफा का कचांदूर में एक गोदाम है। करीब 15 से 20 दिन पहले मोहम्मद सानू नामक युवक ने खुद को उत्तर प्रदेश का निवासी बताते हुए यह गोदाम किराए पर लिया था। उसने गोदाम मालिक को बताया था कि यहां निरमा पाउडर की पैकिंग का काम किया जाएगा। इसके लिए दोनों पक्षों के बीच बाकायदा किरायानामा तैयार किया गया था और आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया भी पूरी की गई थी।

कुछ दिनों तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में किराएदार का मोबाइल बंद आने लगा। गोदाम मालिक ने उससे कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी। इसी दौरान गोदाम के आसपास संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने लगी। वहीं, परिसर में तैनात गार्ड ने भी मालिक को अंदर कुछ गड़बड़ी होने की आशंका जताई। शक बढ़ने पर मोहम्मद मुस्तफा ने जेवरा सिरसा चौकी पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोदाम मालिक की मौजूदगी में ताला खोलकर जांच शुरू की।

पुलिस ने मंगलवार रात छापेमार कार्रवाई की। जांच के दौरान गोदाम के अंदर बड़ी मात्रा में जर्दा युक्त गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल, पैकिंग सामग्री और मशीनें बरामद की गईं। मौके से मिक्सर मशीन, कटर मशीन समेत कई उपकरण जब्त किए गए।

इसके अलावा कई बोरियों में गुटखा बनाने का रॉ-मटेरियल भी मिला, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। मामले की जानकारी मिलते ही फूड सेफ्टी विभाग और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पूरे कैंपस की जांच की और बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की।

इसके बाद फैक्ट्री को सील कर दिया गया। फिलहाल जब्त सामान की जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि यहां कब से अवैध रूप से गुटखा बनाया जा रहा था। भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि गोदाम मालिक की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। जांच के दौरान गुटखा निर्माण से जुड़ा कच्चा माल और पैकिंग सामग्री बरामद हुई है। मामले में आगे की कार्रवाई फूड सेफ्टी विभाग की ओर से की जा रही है।