पत्नी के प्यार में शख्स ने रच दिया इतिहास, बना डाला ताजमहल जैसा घर

ताजमहल को दुनिया सिर्फ प्यार की निशानी के तौर पर नहीं जानती, बल्कि इसकी खूबसूरती और शानदार आर्किटेक्चर भी लोगों को अपनी ओर खींचती है. सफेद संगमरमर, बड़ा गुंबद, चारों तरफ बने मीनार जैसे खंभे और खूबसूरत बगीचे इसकी पहचान हैं. शायद यही वजह है कि ताजमहल जैसा घर बनाने का ख्याल भी अपने आप में बहुत बड़ा सपना लगता है. लेकिन मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में रहने वाले आनंद प्रकाश चोकसी ने इस सपने को हकीकत में बदलने की कोशिश की है. उन्होंने अपनी पत्नी के लिए ताजमहल से प्रेरित एक बेहद खूबसूरत घर बनवाया है, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में हैं.

दरअसल, यह आलीशान घर मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में बनाया गया है, जो असली ताजमहल से करीब 800 किलोमीटर दूर बताया जाता है. आनंद प्रकाश चोकसी ने इस घर को बनवाने का काम साल 2021 में शुरू कराया था. घर को देखकर पहली नजर में ही ताजमहल की झलक दिखाई देती है. हाल ही में कंटेंट क्रिएटर शुभम प्रजापत ने इस घर का वीडियो टूर किया, जिसके बाद यह सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचने लगा. वीडियो में घर के बाहर से लेकर अंदर तक की कई खास चीजें दिखाई गई हैं. घर को देखकर कई लोग इसे प्यार की एक अनोखी मिसाल बता रहे हैं.

ताजमहल की खूबसूरती में सफेद रंग और उसके आसपास का हरा-भरा बगीचा बहुत बड़ी भूमिका निभाता है. आनंद प्रकाश चोकसी के घर में भी इन दोनों चीजों का खास ध्यान रखा गया है. घर का बाहरी हिस्सा सफेद रंग में तैयार किया गया है और आसपास हरियाली भी दिखाई देती है. घर की डिजाइन में ताजमहल के बड़े गुंबद से लेकर उसके आसपास नजर आने वाली मीनारों जैसी संरचनाओं को भी शामिल किया गया है. यहां तक कि मुख्य दरवाजे और दीवारों पर भी नक्काशी का काम देखने को मिलता है, जो घर को और ज्यादा शाही लुक देता है.

इस घर की एक खास बात इसकी ऊंची छत है. रिपोर्ट के मुताबिक, घर की छत करीब 24 फीट ऊंची है. इतनी ऊंची छत आम घरों में देखने को नहीं मिलती और यही चीज इसके अंदर के हिस्से को काफी खुला और भव्य बनाती है. घर के अंदर पहुंचने पर इसकी सजावट भी लोगों का ध्यान खींचती है. वीडियो में शुभम ने इसके इंटीरियर को फिल्मों में दिखने वाले आलीशान घरों जैसा बताया. घर की सीढ़ियों को भी रॉयल अंदाज में डिजाइन किया गया है. खूबसूरत लाइट्स, पेंटिंग्स, सोफे और सजावट की दूसरी चीजों ने पूरे इंटीरियर को काफी शानदार बना दिया है.

आनंद प्रकाश चोकसी ने इस घर को सिर्फ बाहर से ताजमहल जैसा दिखाने की कोशिश नहीं की, बल्कि इसकी डिजाइन में ताजमहल की कई बारीकियों को भी शामिल किया है. घर का आकार, गुंबद, बाहरी संरचना और दूसरी डिजाइन को ताजमहल से प्रेरित रखा गया है. वीडियो के आखिर में खुद आनंद प्रकाश चोकसी भी नजर आते हैं. वह बताते हैं कि घर को तैयार करते समय असली ताजमहल की माप का भी ध्यान रखा गया था. बताया गया कि ताजमहल की माप मीटर में ली गई और फिर उसी अनुपात को फीट में बदलकर घर की डिजाइन तैयार की गई. आमतौर पर लोग अपने घर को खूबसूरत बनाने के लिए अलग-अलग तरह की डिजाइन चुनते हैं, लेकिन ताजमहल से प्रेरित पूरा घर बनवाना अपने आप में काफी अलग बात है. आनंद प्रकाश चोकसी का यह घर अब सोशल मीडिया पर लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है. इस घर की सबसे खास बात सिर्फ इसकी भव्यता नहीं, बल्कि इसके पीछे छिपी भावना भी है। पत्नी के लिए ताजमहल से प्रेरित घर बनवाने का विचार ही इसे एक खास और यादगार तोहफा बना देता है. यही वजह है कि सोशल मीडिया पर लोग इसे देखकर इसे आज के जमाने के शाहजहां का प्यार बता रहे हैं.