रेलवे नोटिस के खिलाफ संगमरमर मस्जिद की पुकार, आज इलाहाबाद हाईकोर्ट में होगी अहम सुनवाई

उत्तर प्रदेश में एक और मस्जिद चर्चा का विषय बनी हुई है. हालिया दिनों प्रयागराज जंक्शन परिसर में मौजूद संगमरमर मस्जिद को हटाने का आदेश मिला था. यह विवाद अब न्यायालय की चौखट तक पहुंच गया है. सालों से इबादत की जगह रही इस मस्जिद को हटाने के लिए रेलवे की ओर से जारी नोटिस के खिलाफ मस्जिद कमेटी ने इंसाफ की गुहार लगाई है. दरअसल, प्रयागराज जंक्शन परिसर में मौजूद संगमरमर मस्जिद को लेकर उठा विवाद अब एक निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है. लगभग 75 साल से भी ज्यादा समय से इबादत की जगह रही इस मस्जिद को बचाने के लिए कमेटी ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है. अब इस पूरे मामले में आज गुरुवार (30 अप्रैल) को सुनवाई होने जा रही है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.

नोटिस मिलने के बाद संगमरमर मस्जिद इंतजामिया की याचिका पर इलाहाबाद हाईकोर्ट में आज गुरुवार को सुनवाई होगी. यह याचिका रेलवे के जरिये जारी उस नोटिस के खिलाफ दायर की गई है, जिसमें मस्जिद को हटाने की बात कही गई है. रेलवे ने संगमरमर मस्जिद को हटाने के लिए नोटिस जारी करते हुए आरोप लगाया है कि यह ढांचा उसकी जमीन पर अनाधिकृत रूप से बनाया गया है. इसी आधार पर मस्जिद को हटाने की कार्रवाई की बात कही गई है. रेलवे की ओर से जारी इस नोटिस की मियाद 27 अप्रैल को ही खत्म हो चुकी है. फिलहाल रेलवे के इस कथित दावे और नोटिस मिलने के बावजूद मस्जिद को इंतजामिया ने अभी तक नहीं हटाया है. इसके बाद मस्जिद कमेटी ने इस नोटिस को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की और पूरे मामले हस्तक्षेप की गुहार लगाई है.

संगमरमर मस्जिद इंतजामिया ने इस नोटिस को रद्द करने की मांग की है. आज गुरुवार को होने वाली सुनवाई में इस विवाद की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती है.