कैरेक्टर पर शक… 74 साल की पत्नी को कुल्हाड़ी से काट-डाला, ,बेटी से बोला- तुम्हारी मां को मार दिया

छत्तीसगढ़ : बलरामपुर जिले में 75 साल के बुजुर्ग ने कैरेक्टर के शक में 74 साल की पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने बेटी को फोन कर कहा तुम्हारी मां को मार दिया हूं। दरअसल, आरोपी खनिज विभाग से रिटायर्ड कर्मचारी है। यह घटना राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ठरकी की है. आरोपी ठिभू केरकेट्टा खनिज विभाग के अंबिकापुर कार्यालय में पहले सर्वेयर था. अब रिटायरमेंट के बाद घर रह रहा था. वर्ष 2009 में विभाग का एक ड्राइवर उसके साथ ग्राम ठरकी आया था. उसी दौरान ठिभू ने अपनी पत्नी महेश्वरी को कथित रूप से उस ड्राइवर के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था.

इस घटना ने पति-पत्नी के रिश्ते में गहरा अविश्वास और तनाव पैदा कर दिया था. वर्षों बीत जाने के बाद भी यह घटना आरोपी के मन से नहीं निकली और उनके बीच आये दिन विवाद होता रहता था. मंगलवार देर रात यही पुराना विवाद फिर उभर आया. बताया जाता है कि रात करीब 1 बजे ठिभू और उसकी पत्नी महेश्वरी के बीच चरित्र को लेकर बहस शुरू हुई. बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर ठिभू ने पास पड़ी कुल्हाड़ी उठा ली और पत्नी पर वार कर दिया. कुल्हाड़ी का घातक प्रहार पत्नी के बाएं कान के पास लगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पत्नी की हत्या के बाद आरोपी ने सबसे पहले अपनी बेटी अनिता तिर्की को फोन किया और उसे पूरी घटना की जानकारी दी. यह सुनते ही अनिता ने अपने भाई सुनील को सूचना दी, जो घटनास्थल से लगभग 150 मीटर की दूरी पर अपने परिवार के साथ रहता है.

सुनील जैसे ही घर पहुंचा, आरोपी ने दरवाजा खोला. कमरे की लाइट जलाने पर उसने देखा कि उसकी मां पलंग के नीचे खून से लथपथ पड़ी थी. आसपास खून फैला हुआ था और उसके सिर पर कुल्हाड़ी का गहरा घाव दिखाई दे रहा था. परिजनों ने जब आरोपी से पूछा तो उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया.

इसके बाद परिवार वालों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर राजपुर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह और उनकी टीम पहुंची. आरोपी को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस की शुरुआती जांच में इस बात की पुष्टि हुई कि 2009 की घटना के बाद आरोपी पत्नी से नफरत करने लगा था. पुलिस अब आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *