छतरपुर : मकान गिरवी रख डेढ़ लाख रुपये में लाया दुल्हन, 2 दिन बाद ही सारे गहने लेकर रफूचक्कर
छतरपुर : लुटेरी दुल्हन ने एक बार फिर अपना जौहर दिखाया. मकान गिरवी रखकर दुल्हन लाया दूल्हा अब पुलिस से न्याय न्याय की गुहार लगा रहा है. लुटेरी दुल्हन ने एक गरीब परिवार को शादी के नाम पर ठगी का शिकार बनाया. मामला छतरपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की दुर्गा कॉलोनी का है. दूल्हा बने मनोज अहिरवार के साथ धोखाधड़ी हुई. लुटेरी दुल्हन ने पूरे परिवार को सड़क पर ला खड़ा कर दिया.
ग्राम सैला निवासी दूल्हा मनोज अहिरवार की शादी 24 अप्रैल 2026 को जटाशंकर धाम में आकांक्षा नाम की युवती से हुई. यह विवाह पड़ोस में रहने वाले विक्की सेन नामक बिचौलिये ने लगभग डेढ़ लाख रुपए लेकर तय कराी. शादी के बाद परिवार खुशी-खुशी अपने पैतृक गांव सैला चला गया. जहां वैवाहिक रस्में पूरी की गईं. पति अपनी पत्नी के प्रेम में डूबा था और लुटेरी दुल्हन अपना शिकार करने की फिराक में थी. लुटेरी दुल्हन ने साड़ी लेने के बहाने बाजार जाने की जिद की तो पति तैयार हो गया.
दुल्हन आकांक्षा अपने पति मनोज ओर शादी कराने बाला बिचौलिया विक्की सेन के साथ साड़ी खरीदने गए. इस दौरान एक अन्य साथी आकाश प्रजापति उसे महाराजपुर बाजार ले गया. बाजार की भीड़ का फायदा उठाकर दुल्हन गहने और कीमती सामान समेटकर भाग गई. दुल्हन के साथ बिचौलिया विक्की और आकाश भी मौके से गायब हो गए. आरोप है कि पीड़ित पति मनोज ने जब बिचौलिये विक्की सेन को फोन लगाया तो उसने गालीगलौज की और जान से मारने की धमकी दी.
मनोज के पिता अच्छेलाल अहिरवार ने आपबीती सुनाते हुए बताया “हमने अपना घर गिरवी रखकर बेटे की शादी के लिए पैसे जुटाए थे. हमें क्या पता था कि हमारे साथ ऐसा धोखा होगा. अब न पैसा बचा है और न ही बहू.” पीड़ित परिवार ने सिविल लाइन थाने में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और लूटे गए जेवरात व पैसे वापस दिलाने की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
पीड़ित दूल्हा मनोज अहिरवार ने बताया “मेरी शादी 24 अप्रैल को हुई थी. मेरी पत्नी दो दिन रुकी ओर फिर भाग गई. सोने-चांदी के जेवरात ले गई. मकान गिरवी रखकर डेढ़ लाख देकर शादी कराई थी. अब बीवी भी गई और पैसे भी चले गए. पता चला है कि वह कई लोगों को चूना लगा चुकी है.” सिविल लाइन थाना प्रभारी ने बताया “मनोज अहिरवार अपने परिवार के साथ आया था, मामला लुटेरी दुल्हन का है. पुलिस जांच कर रही है.”
