राज्योत्सव के बाद ओड़िशा-गुजरात जाएंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, 6 नवंबर को नुआपाड़ा में चुनावी सभा करेंगे
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 6 नवंबर को ओडिशा के नुआपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा करेंगे। सीएम रायपुर से हेलिकॉप्टर से नुआपाड़ा जाएंगे और सभा के बाद वापस लौट आएंगे। नुआपाड़ा सीट पर 11 नवंबर को मतदान होना है, जिसके लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री साय की सभा से चुनावी माहौल भाजपा के पक्ष में और सशक्त होगा। इस सीट पर भाजपा के जय ढोलकिया के खिलाफ बीजेडी की स्नेहंगिनी चुरिया और कांग्रेस के घसियाराम माझी मैदान में हैं। वहीं समाजवादी पार्टी, बहुजन मुक्ति पार्टी और ओडिशा जनता दल के उम्मीदवार भी मुकाबले को त्रिकोणीय बना रहे हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने बिहार और ओडिशा के उपचुनावों में छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेताओं को भी प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी है। साय की सभा को पार्टी रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मान रही है, ताकि ओडिशा में संगठन को मजबूती मिले।
इसके बाद मुख्यमंत्री साय 10 और 11 नवंबर को गुजरात के अहमदाबाद में होने वाले “छत्तीसगढ़ इनवेस्टर कनेक्ट” कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे गुजरात प्रवास के दौरान उद्योगपतियों और निवेशकों से वन-टू-वन चर्चा करेंगे।
साय पहले स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (नर्मदा जिले) में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेंगे और अगले दिन अहमदाबाद में औद्योगिक निवेशकों के साथ संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री राज्य की नई औद्योगिक नीति, निवेश प्रोत्साहन योजनाओं और उद्योगों के लिए बेहतर वातावरण की जानकारी साझा करेंगे।
