राजस्थान-MP के 18 शहरों में शीतलहर, तापमान 10°C से कम, जम्मू-कश्मीर में पारा माइनस में

नवंबर के आखिरी सप्ताह में देश के कई हिस्सों में ठंड बढ़ने लगी है। मध्य प्रदेश के 6 और राजस्थान के 12 शहरों में बुधवार को न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे दर्ज किया गया। राजस्थान के फतेहपुर में पारा 4.7°C रहा, जबकि मध्य प्रदेश के दमोह में 7.4°C के साथ सीजन की सबसे सर्द रात रिकॉर्ड की गई। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में रात का तापमान माइनस में है। वहीं यूपी, बिहार, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में गुरुवार सुबह घना कोहरा रहा।

27 और 28 नवंबर का अनुमान

मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार में तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट का अनुमान है।
पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और चंडीगढ़ में घने कोहरे का अलर्ट।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 27 नवंबर को भारी बारिश की संभावना। आंध्र प्रदेश और केरल में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

दिल्ली की हवा बुधवार को लगातार 11वें दिन ‘खराब’ कैटेगरी में रही। 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 220 दर्ज किया गया। दिल्ली की हवा 15 नवंबर से लगातार ‘खराब’ कैटेगरी में बनी हुई है।