ज्यादा शक्कर-तेल वाली खाने-पीने की चीजों पर चेतावनी लगेगी, पैकेट पर लाल रंग का षटकोण बनाया जाएगा

सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया है कि ज्यादा चीनी, नमक और सैचुरेटेड फैट वाले पैकेज्ड फूड प्रोडक्ट्स पर चेतावनी का लेबल लगाया जाएगा। पैकेट के फ्रंट पर षटकोण लाल निशान के साथ चेतावनी भी लिखी होगी। FSSAI ने इसी साल अगस्त में यह प्रस्ताव दिया था, जिस पर गुरुवार को सुनवाई में जस्टिस जेबी पर्दीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की बेंच ने यह फैसला सुनाया।

दरअसल, 3S एंड अवर हेल्थ सोसाइटी नाम के एक पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाकर डिब्बा बंद या पैकेट वाले खाने पर अनिवार्य वार्निंग लेबल लगाने की मांग की थी।

इस मामले में जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की बेंच ने पूछा था कि क्या सरकार नहीं चाहती कि उसके लोग स्वस्थ रहें? इसके बाद FSSAI ने यह हलफनामा देकर प्रस्ताव पेश किया है।

दो फेज में लागू करने का प्रस्ताव था

FSSAI ने इसे अलग-अलग फेज में लागू करने का प्रस्ताव दिया था, ताकि इंडस्ट्री को अपने प्रोडक्ट्स को सुधारने का मौका मिले।

फेज 1: उन प्रोडक्ट्स पर लाल लेबल लगेगा, जिनमें फैट, शुगर या साल्ट में से कोई भी ‘दो या दो से अधिक’ चीजें तय सीमा से ज्यादा होंगी। इसमें सभी अधिक मीठी कोल्ड ड्रिंक्स भी शामिल होंगी।

फेज 2: यह नियम उन प्रोडक्ट्स पर भी लागू हो जाएगा, जिनमें इनमें से कोई ‘एक’ चीज भी ज्यादा मात्रा में होगी।

FSSAI ने सुप्रीम कोर्ट से कहा था कि ज्यादा फैट, ज्यादा चीनी और नमक वाले खाने-पीने की चीजों के पैकेट पर सामने की तरफ एक लाल रंग का चेतावनी लेबल लगाई जाए। यह लेबल लोगों को आसानी से समझ आने वाली चेतावनी देगा।

कोई भी फूड प्रोडक्ट हाई फैट, हाई शुगर या हाई साल्ट (HFSS) की श्रेणी में आता है या नहीं, इसका फैसला ICMR-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन (ICMR-NIN) द्वारा जारी ‘डायट्री गाइडलाइंस फॉर इंडियंस, 2024’ के मानकों के आधार पर किया जाएगा।

फ्रंट-ऑफ-पैक लेबलिंग (FOPL) वह लेबल है, जो किसी फूड प्रोडक्ट के पैकेट के आगे के हिस्से में लिखा रहता है। इसमें खाने के मेन इंग्रीडिएंट्स जैसे शुगर, नमक और फैट की जानकारी को आसान और जल्दी समझ आने वाले तरीके से दिखाया जाता है।

इसका मकसद ये है कि ग्राहक तुरंत समझ सके कि वो जो फूड खरीद रहा है, वह स्वास्थ्य के लिए कितना सही है। ये जानकारी पैकेट के बैक पर लिखे लंबे‑चौड़े न्यूट्रिशनल फैक्ट्स से अलग होती है। इसमें सिर्फ जरूरी जानकारी को सरल ग्राफिक्स या रंगों के जरिए दिखाया जाता है।

देश में लाइफस्टाइल बीमारियां तेजी से बढ़ रही है। इसकी बड़ी वजह अनहेल्दी खान-पान है। पैकेज्ड और अल्ट्राप्रोसेस्ड फूड में मौजूद अधिक शुगर, नमक और फैट की मात्रा इन बीमारियों का बड़ा कारण बन रही है।

इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI से कहा है कि वह पैकेज्ड फूड पर ‘फ्रंट ऑफ पैक लेबलिंग’ लागू करने पर गंभीरता से विचार करे, ताकि लोग खरीदते समय ही संभावित हेल्थ रिस्क समझ सकें। ग्राफिक से समझते हैं कि भारत में लाइफस्टाइल बीमारियों की स्थिति कितनी गंभीर है-