अमरोहा की पटाखा फैक्ट्री में धमाका…5 महिलाओं की मौत, 12 से ज्यादा लोग झुलसे

उत्तर प्रदेश : अमरोहा जिले के एक गांव में आज सोमवार को एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में बड़ा धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि फैक्ट्री की बिल्डिंग और टीन की छत पूरी तरह से टूटकर मलबे में बदल गई। इस हादसे में 5 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। यह धमाका इतना भयानक था कि उसका मलबा करीब 300 मीटर तक फैल गया। धमाके के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई और लोग चीखने-चिल्लाने लगे। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। थोड़ी ही देर में जिला अधिकारी, पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। जांच में पता चला है कि यह फैक्ट्री बिना किसी लाइसेंस और सुरक्षा इंतजाम के चलाई जा रही थी। यानि प्रशासन की बिना इजाजत के यहां पटाखों का निर्माण किया जा रहा था। फैक्ट्री को अब सील कर दिया गया है और संचालक की तलाश की जा रही है, जो घटना के बाद से फरार है। पुलिस और प्रशासन मिलकर धमाके के कारणों की जांच कर रहे हैं।

गांववालों का कहना है कि धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। आसपास के गांवों में लोग डर गए और घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि प्रशासन की लापरवाही और कुछ अधिकारियों की मिलीभगत के कारण यह फैक्ट्री चल रही थी। गांववालों का कहना है कि उन्होंने कई बार शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

यह पहली बार नहीं है जब अमरोहा में इस तरह की घटना हुई हो। 1 मई को रहरा क्षेत्र के भावली गांव में भी एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाका हुआ था। उस हादसे में एक बच्चा झुलस गया था। उस समय भी यह बात सामने आई थी कि नदी किनारे बने मकान में महिलाओं और बच्चों से पटाखे बनवाए जा रहे थे। ग्रामीणों ने उस वक्त भी अधिकारियों पर मिलीभगत के आरोप लगाए थे।

फिलहाल घटनास्थल पर राहत और बचाव का काम तेजी से चल रहा है। पुलिस अधिकारी, फायर ब्रिगेड और स्थानीय प्रशासन मौके पर मौजूद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *