हिमाचल : भारी बारिश.. चंबा में मलबे की चपेट में आई बस, भरमौर में गाड़ी के आगे पहाड़ से बरसे पत्थर

चंबा। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का दौर नहीं थम रहा है। प्रदेशभर में लगातार बारिश जारी है। चंबा जिले में भारी वर्षा और जगह-जगह हो रहे भूस्खलन के कारण जिले के मुख्य मार्गों समेत संपर्क मार्ग पूरी तरह बंद हो गए हैं। चंबा-तीसा मार्ग पर कंदला के पास सड़क पर आए मलबे में एक निजी बस फंस गई, जिससे यात्रियों की जान अलख में आ गई। मलबा व बस को आगे बढ़ता न देख यात्री सहम गए। लेकिन गनीमत रही कि बस पलटी नहीं व सभी यात्री बाहर निकल आए।

वहीं, चंबा भरमौर एनएच पर दुर्गेठी के पास अचानक पहाड़ी से पत्थर बरसने लगे, एक बस इनकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने समय रहते बस को रुकवा दिया था। चंबा-भरमौर मार्ग पर दुर्गेठी और बत्ती की हड्डी के समीप भारी भूस्खलन होने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।

उपमंडल भटियात में बारिश का प्रचंड रूप देखने को मिला है। मूसलाधार बारिश के चलते तहसील मुख्यालय को जोड़ने वाले सभी मुख्य एवं संपर्क मार्ग पूरी तरह ठप हो चुके हैं। चुवाड़ी-नूरपुर, चुवाड़ी-सिहुंता, चुवाड़ी-ककीरा और चुवाड़ी-चंबा (वाया जोत) मार्ग बंद होने से क्षेत्र की पूरी परिवहन व्यवस्था ठप पड़ गई है।

प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें सड़कों को खोलने के लिए मौके पर तैनात हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश और पहाड़ों से गिरते मलबे के कारण मार्ग बहाली के काम में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति सामान्य होने तक प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।