‘जाने के बाद तो न्याय मिलेगा’, साध्वी प्रेम बाईसा का न‍िधन, वीडियो वायरल होने से थीं आहत

जोधपुर: राजस्थान के जोधपुर से एक विचलित करने वाली खबर सामने आई है जहां प्रसिद्ध आध्यात्मिक साध्वी प्रेम बाईसा का संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हो गया है. उन्हें जोधपुर के आरती नगर स्थित उनके आश्रम से गंभीर अवस्था में प्रेक्षा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. अपने आखिरी संदेश में उन्होंने मरने के बाद ‘न्याय’ की उम्मीद जताते हुए दुनिया को अलविदा करने की बात कही. अस्पताल प्रबंधन ने इस घटना की आधिकारिक सूचना शास्त्रीनगर थानाधिकारी जुल्फीकार अली को दी है जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहन तफ्तीश शुरू कर दी है. साध्वी प्रेम बाईसा की मौत के पीछे एक वायरल वीडियो को मुख्य कारण माना जा रहा है. बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने साध्वी का उनके पिता के साथ आलिंगन (गले मिलने) का एक वीडियो गलत संदर्भ में सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया था. इस वीडियो के आधार पर उनके चरित्र पर सवाल उठाए गए और संत समाज की ओर से भी उन्हें भारी आलोचना का सामना करना पड़ा. खुद को निर्दोष साबित करने के लिए साध्वी ने देश के बड़े संतों और जगतगुरु शंकराचार्य को पत्र लिखकर अग्नि परीक्षा देने की गुहार लगाई थी.

निधन से कुछ ही समय पहले साध्वी के सोशल मीडिया अकाउंट से एक भावुक पोस्ट साझा की गई. इसमें लिखा गया कि उन्होंने अपना हर क्षण सनातन धर्म के प्रचार में बिताया, लेकिन दुनिया ने उन्हें गलत समझा. पोस्ट में अंत में लिखा गया, “जीते जी नहीं तो जाने के बाद तो न्याय मिलेगा.” फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो फैलाने वाले तत्वों और मौत की असली वजहों की तलाश में जुटी है.

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *