कोलकाता ने जीता IPL 2026 का पहला सुपर ओवर, रिंकू ने 83 रन बनाने के साथ 5 कैच लपके

कोलकाता नाइट राइडर्स ने IPL 2026 के पहले सुपर ओवर मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को हराकर जीत दर्ज की। इकाना स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 155 रन बनाए। जवाब में लखनऊ ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 155 रन बनाकर मैच टाई किया। आखिरी गेंद पर मोहम्मद शमी ने सिक्स लगाकर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। सुपर ओवर में कोलकाता की ओर से सुनील नरेन ने गेंदबाजी करते हुए लखनऊ को 1 रन पर रोका और दो विकेट झटके। इसके जवाब में रिंकू सिंह ने चौका लगाकर जीत दिलाई। इस मुकाबले के हीरो रिंकू सिंह रहे। उन्होंने 51 गेंदों पर नाबाद 83 रन बनाए। रिंकू ने फील्डिंग में 5 कैच भी लपके। उन्होंने ऐडन मार्करम, मुकुल चौधरी, हिम्मत सिंह, जॉर्ज लिंडे और सुपर ओवर में रोवमन पॉवेल का बाउंड्री पर उछाला हुआ कैच लिया।

रविवार को लखनऊ ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। कोलकाता की शुरुआत खराब रही और टीम ने 93 रन पर 7 विकेट गंवा दिए। यहां से रिंकू सिंह ने पारी संभाली और 51 गेंदों पर नाबाद 83 रन बनाए। उन्होंने आखिरी ओवर में दिग्वेश राठी की गेंदों पर लगातार 4 छक्के लगाए। उनकी पारी में 7 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। आखिरी ओवर में 26 रन बने और कोलकाता ने 156 रन का लक्ष्य दिया।

लखनऊ के लेफ्ट आर्म तेज गेंदबाज मोहसिन खान ने 5 विकेट लिए। उन्होंने अजिंक्य रहाणे, टिम साइफर्ट, कैमरन ग्रीन, रोवमन पॉवेल और अनुकूल रॉय को आउट किया। 156 रन के जवाब में लखनऊ की तरफ से कप्तान ऋषभ पंत ने 42 रन बनाए। ऐडन मार्करम ने 31 रन की पारी खेली। टीम को आखिरी ओवर में 17 रन चाहिए थे। कार्तिक त्यागी गेंदबाजी करने आए। पहली गेंद पर 1 रन बना, फिर अगली दो गेंद नो बॉल रहीं। हिम्मत सिंह ने दूसरी फ्री हिट पर चौका लगाया, लेकिन अगली गेंद पर आउट हो गए।

आखिरी तीन गेंदों पर 8 रन चाहिए थे। चौथी गेंद पर 1 रन बना और पांचवीं गेंद पर कोई रन नहीं आया। आखिरी गेंद पर जीत के लिए 7 रन चाहिए थे, लेकिन मोहम्मद शमी ने छक्का लगाकर मैच सुपर ओवर में पहुंचा दिया। कोलकाता की ओर से वरुण चक्रवर्ती और वैभव अरोड़ा ने 2-2 विकेट लिए।

कोलकाता जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में 8वें स्थान पर पहुंच गई। टीम को 8 मैच में 2 जीत और 5 हार मिली है। जबकि एक मैच बारिश की वजह से नहीं हो पाया। वहीं लखनऊ 10वें स्थान पर खिसक गई। टीम को 8 मैच में 6 हार का सामना करना पड़ा है। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए लखनऊ को बचे हुए सभी 6 मैच जीतने होंगे।