पाताल से निकला 50 करोड़ साल पुराना ‘राक्षस’! चट्टानों में मिला स्टार वॉर्स वाला ‘खूंखार’ कीड़ा

अमेरिका के ग्रैंड कैन्यन से वैज्ञानिकों को 50 करोड़ साल से भी ज्यादा पुराने जीवों के जीवाश्म मिले हैं. इन जीवाश्मों में ऐसे नरम शरीर वाले समुद्री जीव शामिल हैं जो अब तक छिपे हुए थे. इस खोज से वैज्ञानिकों को कैंब्रियन काल के जीवन के साथ उस समय के समुद्र की असली तस्वीर को समझने में मदद मिलेगी. ग्रैंड कैन्यन को दुनिया भर में उसकी बड़ी-बड़ी चट्टानों और खूबसूरत नजारों के लिए जाना जाता है. अब इसी जगह ने धरती के बेहद पुराने जीवन का एक बड़ा राज खोल दिया है. वैज्ञानिकों ने यहां करीब 50 करोड़ साल पहले समुद्र में रहने वाले नरम शरीर वाले जीवों के जिवाश्म को खोजा है. यह खोज इसलिए भी खास है क्योंकि ऐसे जीव आमतौर पर बहुत कम ही मिलते हैं.

यह खोज साल 2023 में यूनिवर्सिटी ऑफ कैम्ब्रिज के वैज्ञानिक जियोवानी मुस्सिनी की अगुवाई में की गई. उनकी टीम ने कोलोराडो नदी के पास चट्टानों से नमूने इकट्ठा किए. उन्हें जांच के लिए ब्रिटेन ले जाया गया. जांच में पता चला कि इन चट्टानों के अंदर छोटे-छोटे जीवों के अवशेष थे. इनमें झींगे जैसे जीव, घोंघे और एक अनोखा कीड़ा शामिल था.

इस खोज में सबसे ज्यादा एक अजीब से कीड़े ने ध्यान खींचा. इसका नाम वैज्ञानिकों ने Kraytdraco spectatus रखा है. इसका नाम स्टार वॉर्स के एक किरदार से लिया गया है. इस कीड़े के मुंह में दांत जैसे ढांचे थे. इतने पुराने और नरम शरीर वाले जीवों के जीवाश्म, जहां पानी में ऑक्सीजन बहुत कम होती है वहां मिलते हैं. ग्रैंड कैन्यन की यह जगह उस समय ऑक्सीजन से भरपूर और तूफानों वाली उथली समुद्री जगह थी. ऐसी जगहों पर जीव जल्दी सड़ जाते हैं फिर भी ये जीवाश्म सुरक्षित रहे थे. वैज्ञानिकों का मानना है कि समुद्री तूफानों के दौरान ये जीव जल्दी मिट्टी में दब गए जिससे वे अभी तक बचे हुए थे.

वैज्ञानिकों को यहां सिर्फ कीड़े ही नहीं मिले है. यहां घोंघे जैसे जीवों के हिस्से, झींगे जैसे जीवों के जबड़े और समुद्र की सतह पर खाने के निशान भी पाए गए हैं. इससे पता चलता है कि उस समय समुद्र में खाना ढूंढने और खाने के कई तरीके थे. जानवर मिट्टी के अंदर रहते थे, रेंगते थे और खाने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाते थे. इस रिसर्च से पता चलता है कि बड़े बदलाव सिर्फ कुछ खास जगहों तक सीमित नहीं थे. ग्रैंड कैन्यन जैसी जगहें भी उस दौर में जीवन के नए प्रयोगों का केंद्र थीं.

ग्रैंड कैन्यन की चट्टानों पर पिछले 100 साल से ज्यादा समय से रिसर्च हो रही है. यह खोज बताती है कि अभी भी बहुत कुछ छिपा हो सकता है. वैज्ञानिकों का मानना है कि आगे और शोध से कैंब्रियन काल के जीवन के और भी बड़े राज सामने आ सकते हैं.