MP: दुल्हन की विदाई से पहले टूटी खुशियों की डोर, नाचते-नाचते दूल्हे के पिता की मौत, डोली संग उठी अर्थी

शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के ग्राम पैलवाह में एक शादी समारोह उस समय गहरे मातम में बदल गया, जब विदाई से ठीक पहले दूल्हे के पिता की अचानक मौत हो गई। खुशियों से भरे माहौल में पलभर में सन्नाटा पसर गया और जिस घर से दुल्हन की डोली उठनी थी, वहीं से ससुर की अर्थी भी साथ निकल गई। जानकारी के अनुसार, पैलवाह निवासी रीना सिंह (23) की शादी जयसिंहनगर के ग्राम गजनी निवासी हरीश सिंह से तय थी। बारात के साथ आए दूल्हे के पिता धरमदास परस्ते (50) रातभर चली शादी की रस्मों में शामिल रहे। बुधवार सुबह विदाई से पहले आदिवासी परंपरा के तहत हल्दी-पानी की रस्म के दौरान वे बारातियों के साथ नाच-गाकर खुशियां मना रहे थे।

इसी दौरान धरमदास परस्ते अचानक अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल गोहपारू अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने चेक करने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा। अस्पताल से जैसे ही मौत की खबर घर पहुंची, शादी का माहौल गम में बदल गया। दूल्हा खुद असमंजस में था कि एक ओर नई जिंदगी की शुरुआत और दूसरी ओर पिता के निधन का दुख—दोनों को कैसे संभाले। परिजनों और ग्रामीणों ने उसे हिम्मत बंधाई, जिसके बाद शव को ग्राम गजनी ले जाया गया।

दिल को झकझोर देने वाला दृश्य तब सामने आया, जब नई नवेली दुल्हन अपने ससुर के पार्थिव शरीर के साथ रोते हुए ससुराल पहुंची। इस घटना ने दोनों गांवों को शोक में डुबो दिया।

गोहपारू पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना ने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया।