देश में आज से नौतपा, गर्मी-हीटवेव बढ़ेगी, राजस्थान के बाड़मेर में 50 डिग्री सेल्सियस..

देश में आज से नौतपा की शुरुआत भी हो गई है। इसका मतलब है कि अगले 9 दिन और ज्यादा गर्मी रहेगी। हीटवेव और तापमान भी बढ़ेगा। तापमान 45°C से ज्यादा बना रह सकता है। रविवार को महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र का ब्रह्मपुरी लगातार तीसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां तापमान 47.2°C रहा, जो सामान्य से 4.6°C ज्यादा है। उत्तर प्रदेश में बांदा 46.8°C तापमान के साथ सबसे गर्म जिला रहा। इसके अलावा प्रयागराज और उरई में 45.6°C, झांसी में 45.6°C, आगरा में 45.4°C और हमीरपुर में 45.2°C तापमान रिकॉर्ड हुआ। MP के दो शहरों, नौगांव और खजुराहो में सबसे ज्यादा तापमान 45.8°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर और मध्य भारत में 29 मई से मौसम बदल सकता है। बारिश की संभावना है।

राजस्थान में जेठ की गर्मी ने अब अपना विकराल रूप दिखाना शुरू कर दिया है. दिन चढ़ने के साथ ही सूरज की तीखी किरणें लोगों को झुलसा रही हैं, जिसके कारण दोपहर होते-होते सड़कें पूरी तरह सूनी हो जाती हैं. प्रदेश के बाड़मेर, जैसलमेर और फलोदी जैसे रेतीले जिलों में पारा पहले ही 45 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर चुका है. इस बीच, कल यानी 25 मई से साल के सबसे गर्म 9 दिन यानी ‘नौतपा’ की शुरुआत हो चुकी है, जो 2 जून तक चलेगी.

मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के 18 जिलों में भीषण हीटवेव (लू) का यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अगले 9 दिनों में राजस्थान के कई हिस्सों में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर ‘आधा शतक’ लगा सकता है

अगले दो दिन के मौसम का हाल

26 मई:

हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश में हीटवेव चलने की आशंक है। पश्चिम बंगाल और ओडिशा में उमस भरी गर्मी परेशान करेगी।
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, बिहार, केरलम, लक्षद्वीप, तमिलनाडु समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है। बिहार में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। आंध्र प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, कर्नाटक, बंगाल में गरज के साथ तूफान का अलर्ट है।

27 मई:

छत्तीसगढ़, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब और महाराष्ट्र में हीटवेव चलने की आशंका।
बिहार, केरलम, असम, मेघालय में भारी बारिश का अलर्ट है। 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी।
आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं और बिजली चमकने के साथ बारिश हो सकती है।