मुठभेड़ में मारा गया नक्सलियों का सेंट्रल कमेटी मेंबर अनिल, 15 नक्सलियों को भी जवानों ने किया ढेर
झारखंड के चाईबासा में सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन और नक्सलियों के बीच एक बड़ी मुठभेड़ चल रही है. इस गोलीबारी में जवानों ने नक्सलियों के सेंट्रल कमेटी के मेंबर अनिल सहित 15 नक्सलियों को मार गिराया है. इलाके में अब भी मुठभेड़ जारी है. मारा गया नक्सली सीसी मेंबर अनिल एक करोड़ रुपये का इनामी बताया जा रहा है.
दरअसल देश के नक्सल प्रभावित राज्यों में नक्सलियों के खिलाफ बड़ा अभियान चल रहा है. इसी के तहत झारखंड में भी सुरक्षा बल समय-समय पर नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाते हैं. इस बीच गुरुवार को चाईबासा जिले के पश्चिमी सिंहभूमि क्षेत्र में सारंडा के जंगलों में कोबरा के जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई. इस इलाके में कोबरा बटालियन के जवान नक्सलियों के लिए काल बनकर उतरे. दोनों ओर से चली भीषण मुठभेड़ में जवानों ने नक्सलियों के सीसी मेंबर एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली अनिल को ढेर कर दिया है.
इस मुठभेड़ में अनल के अलावा 15 से ज्यादा नक्सलियों के मारे जाने की भी खबर है. हालांकि इन सभी की पहचान होना अभी बाकी है. लेकिन माना जा रहा है कि इस मुठभेड़ में बड़े नक्सलियों के नाम हो सकते हैं. इस मुठभेड़ के बाद नक्सलियों को एक बार फिर से बहुत बड़ा झटका लगा है.
