NSUI नेता और दोस्तों ने युवक का मर्डर किया, पैसे नहीं लौटाए तो रास्ते से उठाया, बंधक बनाकर लात-घूंसों से पीटा

छत्तीसगढ़ : दुर्ग जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां NSUI नेताओं ने एक युवक की होटल में बेरहमी से लात-घूंसों से पिटाई कर दी। अधमरी हालत में युवक को होटल के बाहर फेंक दिया गया। कुछ दिन बाद इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान ऋषि निर्मलकर (19) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी NSUI जिला उपाध्यक्ष मेजर सागर ने ऋषि को कुछ पैसे उधार दिए थे। वह लगातार पैसे वापस मांग रहा था, लेकिन ऋषि पैसे नहीं लौटा रहा था। बताया जा रहा है कि ऋषि ने आरोपी का फोन उठाना भी बंद कर दिया था, जिससे आरोपी नाराज था।

20 जनवरी को ऋषि अपने एक दोस्त के साथ बाइक से घूम रहा था। इसी दौरान स्टेशन रोड पर पीछे से कार में आए मेजर सागर और उसके साथियों ने ऋषि को देख लिया। आरोपियों ने उसे जबरन बाइक से उतारा और कार में बैठा लिया। इसके बाद सभी उसे दुर्ग के 36 इन होटल ले गए।
इस होटल का मैनेजर भी आरोपी मेजर सागर ही था। होटल के एक कमरे में ऋषि को बंद कर सभी आरोपियों ने उसकी जमकर पिटाई की। लात-घूंसों से पीटने के बाद आरोपी उसे होटल के बाहर फेंककर फरार हो गए। पिटाई के बाद ऋषि ने अपने दोस्त को फोन कर बुलाया और घर चला गया। घर पर परिजनों ने चोटों के बारे में पूछा, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया। दो दिन बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। पहले स्थानीय डॉक्टर को दिखाया गया, फिर हालत गंभीर होने पर भिलाई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। 25 जनवरी को इलाज के दौरान ऋषि की मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोटों से मौत की पुष्टि हुई।

परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने 26 जनवरी को हत्या का केस दर्ज किया। जांच के दौरान 27 जनवरी को पुलिस ने दो आरोपियों- प्रशांत राव (26), लक्की उर्फ किशन कुमार ध्रुवे (18) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

इसके बाद 2 फरवरी को पुलिस ने मुख्य आरोपी मेजर सिंह सागर उर्फ राज सिंह सागर (19), काके उर्फ हरविंदर सिंह (20) और अंकित झा (22) को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। सभी आरोपी दुर्ग के रहने वाले हैं और पूछताछ में सभी ने अपना अपराध कबूल कर लिया है।
ऋषि के पिता कपड़े प्रेस करने की दुकान चलाते हैं। ऋषि अपने पिता के काम में हाथ बंटाता था। यह पूरी घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *