14 की उम्र में उठाई थी बंदूक, आज 105 साल की उम्र में सेना की वर्दी पहनकर काटा केक!

चीन की इस जांबाज महिला सैनिक ने जब अपना 105वां जन्मदिन मनाया, तो हर कोई इमोशनल हो गया. व्हीलचेयर पर बैठी और फौजी वर्दी में सजी वांग क्वानयिंग (Wang Quanying) के सीने पर लगे मेडल उनके गौरवशाली इतिहास की गवाही दे रहे थे. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, वांग का बचपन बहुत गरीबी और संघर्ष में बीता है. एक साल की उम्र में अनाथ हुईं वांग ने सिर्फ पांच साल की उम्र में दूसरों के घरों में मजदूरी शुरू कर दी थी, लेकिन 1935 में जब उनके गांव में रेड आर्मी पहुंची, तो उन्होंने समाज की सेवा करने की ठान ली और महज 14 साल की उम्र में सेना में भर्ती हो गईं.

जंग के दौरान उन्होंने खाना पकाने से लेकर घायल सैनिकों की मरहम पट्टी तक हर जिम्मेदारी निभाई. एक युद्ध के दौरान बर्फ से ढके पहाड़ों को पार करते समय उन्होंने भूख और ठंड का सामना किया. उनके साथ के 12 साथी शहीद हो गए, लेकिन वांग ने हार नहीं मानी और आज वो अपने उन साथियों की याद में अपना जीवन जी रही हैं.

वांग अपनी लंबी उम्र का श्रेय सकारात्मक सोच, शाकाहारी भोजन और दूसरों की मदद करने की भावना को देती हैं. आज उनकी चार पीढ़ियों का भरा पूरा परिवार है और वो सादगी भरा जीवन जी रही हैं. वांग क्वानयिंग की कहानी हमें सिखाती है कि विपरीत हालात में भी इंसान का हौसला उसे किसी भी मंजिल तक ले जा सकता है. वह न केवल एक सिपाही हैं, बल्कि एक ऐसी मिसाल हैं, जिसने इतिहास के पन्नों को अपनी हिम्मत से जिंदा रखा है.