‘नहीं खेलेंगे भारत से…’, T20 वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान का नाटक जारी, श्रीलंका की अपील भी बेअसर

श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से भारत के खिलाफ होने वाले टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले के बहिष्कार के फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील की. रिपोर्ट के मुताबिक एसएलसी ने पीसीबी को औपचारिक पत्र लिखकर कहा कि दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमों के बीच होने वाले इस बड़े मुकाबले को रद्द करने से उसे भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है. यह मैच 15 फरवरी (रविवार) को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना तय है. वैसे श्रीलंका क्रिकेट की इन कोशिशों के बावजूद कोलंबो में भारत-पाकिस्तन मैच होने की संभावना फिलहाल काफी कम नजर आ रही है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार के फैसले पर शीर्ष अधिकारी अपना रुख बदलने के मूड में नहीं हैं.

सूत्रों ने अंग्रेजी अखबार हिंदुस्तान टाइम्स से कहा, ‘हमें श्रीलंका क्रिकेट का पत्र मिला है, लेकिन हम सरकार के फैसले को पलट नहीं सकते. अंतिम निर्णय सरकार के हाथ में है.’ श्रीलंका क्रिकेट ने चेतावनी दी है कि अगर पाकिस्तान इस मैच में हिस्सा नहीं लेता है तो इसके व्यापक असर होंगे, जिनमें एसएलसी को भारी आर्थिक नुकसान और संभावित पर्यटन आय में गिरावट भी शामिल है.

एसएलसी ने पीसीबी से अपील करते हुए कहा था, ‘हम आपसे अनुरोध करते हैं कि मौजूदा असाधारण परिस्थितियों, हमारे दोनों बोर्डों के लंबे रिश्ते और क्रिकेट के व्यापक हितों को ध्यान में रखें. यह पूरा घटनाक्रम पाकिस्तान सरकार के उस फैसले के बाद सामने आया है, जिसमें राष्ट्रीय मेन्स टीम को भारत के खिलाफ मैदान पर उतरने से रोक दिया गया है.

इस बीच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने पाकिस्तान को अपना रुख बदलने के लिए मनाने के लिए बैक-चैनल बातचीत के विकल्प तलाशने शुरू कर दिए हैं. बताया जा रहा है कि ICC के डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा को इस मामले में अनौपचारिक बातचीत शुरू करने की जिम्मेदारी दी गई है. सिंगापुर क्रिकेट एसोसिएशन का प्रतिनिधित्व करने वाले ख्वाजा को पीसीबी से संवाद कर इस ब्लॉकबस्टर मुकाबले के लिए सहमति बनाने की कोशिश करने का जिम्मा सौंपा गया है.

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने संघीय सरकार के उस फैसले का समर्थन किया, जिसमें भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने का निर्णय लिया गया. 7 फरवरी से 8 मार्च तक होने वाले 20 टीमों के इस मेगा इवेंट को लेकर उन्होंने कैबिनेट बैठक में कहा, ‘हमने T20 वर्ल्ड कप को लेकर स्पष्ट रुख अपनाया है कि हम भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेंगे. खेलों में राजनीति नहीं होनी चाहिए. हमने यह फैसला गहन विचार-विमर्श के बाद लिया है और यह एक उचित निर्णय है.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *