राहुल 56 साल के हुए, कांग्रेस मुख्यालय में जन्मदिन मनाएंगे, कार्यकर्ताओं ने पोस्टर पर दूध चढ़ाया

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज 56 साल के हो गए। वे कार्यकर्ताओं के साथ जन्मदिन मनाने के लिए कांग्रेस ऑफिस पहुंच गए हैं। उनके साथ प्रियंका गांधी भी मौजूद हैं। उनके जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और INDIA ब्लॉक के कई नेताओं ने शुभकामनाएं दीं। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन के बाहर राहुल गांधी के जन्मदिन के पोस्टर लगाए गए। वाराणसी में कार्यकर्ताओं ने उनकी तस्वीर पर दूध चढ़ाया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि राहुल गांधी संविधान के आदर्शों के प्रति समर्पित हैं। उन्होंने हमेशा उन लोगों की आवाज उठाई है, जिन्हें अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है। खड़गे ने कहा कि लोगों के बीच लगातार रहने और सत्ता से सच बोलने के साहस के जरिए राहुल गांधी ने समाज के सबसे कमजोर और वंचित तबकों के लिए लगातार संघर्ष किया है। समावेशिता, सामाजिक न्याय, सद्भाव और करुणा जैसे कांग्रेस के मूल्यों की झलक राहुल गांधी के सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व में दिखाई देती है।

PM मोदी ने X पर लिखा- लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं।
तमिलनाडु CM विजय- राहुल गांधी देश की प्रगति, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और सभी वर्गों के लोगों के कल्याण के लिए लगातार आवाज उठाते रहे हैं। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबे जीवन की कामना करता हूं।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी- लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और लोगों के कल्याण के प्रति राहुल गांधी की प्रतिबद्धता कई लोगों को प्रेरित करती है।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल- आज जब देश लोकतंत्र और संविधान से जुड़े संकट का सामना कर रहा है, राहुल गांधी समावेशी और लोकतांत्रिक भारत की मजबूत आवाज बनकर उभरे हैं। वे युवाओं, गरीबों और वंचितों के लिए उम्मीद की किरण हैं।