सलमान खान के RSS इवेंट अटेंड करने पर उठे सवाल, एकनाथ शिंदे ने पूछा- क्या वो भारतीय नहीं हैं?
बीते दिनों राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष समारोह में फिल्मी सितारों का जमावड़ा लगा. विक्की कौशल, शिल्पा शेट्टी, रणबीर कपूर, करण जौहर को इवेंट में स्पॉट किया गया. लेकिन सबकी नजरें सलमान खान पर जा टिकीं. ‘संघ यात्रा के 100 वर्ष: नई उड़ान’ इवेंट में सिकंदर स्टार के नजर आने के बाद इंटरनेट पर बहस छिड़ गई. कईयों ने सलमान की मौजूदगी पर सवाल उठाए. ऐसे में महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हेटर्स को जवाब दिया है.
शिंदे ने आलोचकों से कहा कि सलमान खान को राजनीतिक मोहरा न मानकर देशभक्त नागरिक की नजर से देखें. कहा- सलमान खान RSS इवेंट अटेंड कर रहे हैं या नहीं कर रहे हैं- ये किस तरह का सवाल है? क्या सलमान खान भारतीय नागरिक नहीं हैं? सलमान खान भारतीय हैं, उनके घर पर गणपति जी हैं, वो सब कुछ करते हैं, वो और उनका परिवार हमारी संस्कृति का सम्मान करता है.
कार्यक्रम में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने सलमान खान के फैशन का जिक्र किया था. उन्होंने बताया कैसे सलमान का फैशन, जो वो पहनते हैं, उसे युवा फॉलो करते हैं. भागवत ने कहा कि कॉलेज स्टूडेंट्स सलमान खान का फैशन कॉपी करते हैं. जब उनसे पूछो कि ये क्यों पहना है, तो कहते हैं पता नहीं. सलमान पहनते हैं इसलिए पहना है. समाज में अच्छे मूल्यों का फैशन बनना चाहिए. जो लोग फैशन बनाते हैं, वे समाज में सबसे भरोसेमंद, सबसे अच्छे, सबसे सम्मानित लोग होते हैं. उन्हें अपनी भाषा में महाजन कहा जाता है. मोहन भागवत की इन बातों पर सलमान खान मुस्कुराते दिखे. वो ध्यान से मोहन भागवत की बातों को सुन रहे थे.
