Share Market : शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव; सेंसेक्स 76,947 पर पहुंचा, निफ्टी 24,000 के पार
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक चिंताओं में कमी के चलते मंगलवार को शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी दर्ज की गई। आईटी शेयरों में खरीदारी से भी बाजार को सकारात्मक गति मिली। इस सकारात्मक रुझान से निवेशकों में उत्साह का माहौल बना। शुरुआती कारोबार में रुपया डॉलर के मुकाबले 29 पैसे बढ़कर 95.70 पर पहुंच गया।
तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 152.7 अंक चढ़कर 76,988.48 पर पहुंच गया। पचास शेयरों वाला एनएसई निफ्टी भी 44.95 अंक बढ़कर 24,040.90 पर कारोबार करता दिखा। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.44 फीसदी गिरकर 87.09 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। इनरिच मनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पोनमुडी आर ने बताया कि ईरान के साथ फिर से बातचीत की उम्मीद से आपूर्ति बाधित होने की चिंताएं कम हुई हैं। इससे कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट जारी रही। हालांकि, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को भारतीय बाजार से 1,688.23 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे। विनिमय आंकड़ों से यह जानकारी मिली।
