अमेरिकी सेना का हेलिकॉप्टर होर्मुज के पास क्रैश, ट्रम्प बोले- दोनों पायलट सेफ
अमेरिकी सेना का एक अपाचे हेलिकॉप्टर सोमवार को होर्मुज स्ट्रेट के पास क्रैश हो गया। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, हेलिकॉप्टर में सवार दोनों पायलट मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने न्यूयॉर्क में पत्रकारों से बातचीत के दौरान घटना की पुष्टि की। ट्रम्प ने कहा है कि हेलिकॉप्टर में सवार दोनों पायलट सुरक्षित हैं। किसी को चोट नहीं आई है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि हेलिकॉप्टर तकनीकी खराबी के कारण गिरा या किसी हमले का शिकार हुआ। अमेरिकी सैन्य अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले पर कल रिपोर्ट जारी की जाएगी।
अमेरिकी सेना होर्मुज स्ट्रेट में अपाचे हेलिकॉप्टरों, MQ-9 रीपर ड्रोन, F/A-18 और F-35 लड़ाकू विमानों की मदद से सुरक्षा अभियान चला रही है।रिपोर्ट के मुतबाकि, अपाचे हेलिकॉप्टरों का इस्तेमाल छोटे हथियारबंद बोट्स और ड्रोन से होने वाले संभावित खतरों को रोकने के लिए किया जाता है।
ट्रम्प ने दावा किया है कि अमेरिका अगले दो हफ्तों में ईरान पर पूरी जीत का ऐलान करेगा। उन्होंने कहा कि उनकी रणनीति काम कर रही है और जल्द ही इसके नतीजे दिखाई देंगे। रिपब्लिकन सीनेटर लिंडसे ग्राहम के समर्थन में आयोजित एक टेली-रैली में ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ईरान के खिलाफ बढ़त बनाए हुए है। ट्रम्प ने दावा किया कि यह जीत बहुत जल्द हासिल होगी और इसका असर वैश्विक तेल बाजार पर भी दिखेगा।
