ये है दुनिया का सबसे अजीबोगरीब जीव, ना दिमाग, ना आंख और ना ही दिल !
पृथ्वी पर लाखों तरह के जीव हैं. कुछ उड़ते हैं, कुछ तैरते हैं, कुछ दौड़ते हैं. हर जीव में दिमाग, आंखें, दिल जैसी जरूरी चीजें होती हैं जो उन्हें जीवित रहने में मदद करती हैं. लेकिन प्रकृति ने एक ऐसा जीव भी बनाया है जो इन सबसे बिल्कुल अलग है. इसका नाम है जेनोटरबेला (Xenoturbella).
यह छोटा सा समुद्री कीड़ा दुनिया के सबसे सरल और अजीबोगरीब प्राणियों में से एक माना जाता है. जेनोटरबेला में ना तो दिमाग है, ना आंखें, ना दिल, ना गुर्दे और ना ही कोई जटिल अंग होते हैं. इसके शरीर में सिर्फ एक ही छेद होता है, जो खाने के लिए मुंह का काम करता है और उसी से मल भी बाहर निकलता है. वैज्ञानिक इसे “पैराडॉक्स वर्म” या “सबसे सरल द्विपक्षीय जीव” कहते हैं.
यह जीव गहरे समुद्र की ठंडी और अंधेरी गहराइयों में रहता है.1915 में स्वीडन के वैज्ञानिक सिक्सटेन बॉक ने इसे पहली बार खोजा था. शुरू में इसे साधारण प्लेटीवर्म (flatworm) समझा गया, लेकिन DNA जांच में बड़े उलझाव सामने आए. एक बार तो वैज्ञानिकों ने गलती से इसके खाए हुए क्लैम (सीप) का DNA सीक्वेंस कर लिया और सोचा कि यह मोलस्क परिवार का है. बाद में सही जांच से पता चला कि जेनोटरबेला बेहद प्राचीन द्विपक्षीय जीवों (Bilateria) की शुरुआती शाखा से संबंधित है.
