FIFA वर्ल्ड कप में नेमार हुए भावुक, 981 दिन बाद वापसी के बाद रो पड़े ब्राजील के स्टार फुटबॉलर
ब्राजील के दिग्गज फुटबॉल स्टार नेमार (Neymar) ने आखिरकार 981 दिनों के लंबे इंतजार के बाद नेशनल टीम के लिए मैदान पर वापसी कर ली. फीफा वर्ल्ड कप 2026 में स्कॉटलैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में नेमार को दूसरे हाफ में मौका मिला और मैच खत्म होने के बाद वह भावुक होकर रो पड़े. ब्राजील ने यह मुकाबला 3-0 से जीतकर ग्रुप C में टॉप पोजिशन हासिल किया और नॉकआउट चरण में प्रवेश कर लिया. 34 वर्षीय नेमार ने आखिरी बार 17 अक्टूबर 2023 को उरुग्वे के खिलाफ वर्ल्ड कप क्वालिफायर में ब्राजील के लिए मैच खेला था. उसी मैच में उनके बाएं घुटने का ACL और मेनिस्कस फट गया था. यह चोट उनके करियर की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक साबित हुई.
इसके बाद नेमार लंबे समय तक मैदान से बाहर रहे और लगातार फिटनेस समस्याओं से जूझते रहे. उनकी वापसी को लेकर कई बार उम्मीदें जगीं, लेकिन चोटों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा.
ब्राजील के कोच कार्लो एंसेलोटी (Carlo Ancelotti) ने स्कॉटलैंड के खिलाफ मुकाबले में 76वें मिनट में मैथियस कुन्हा की जगह नेमार को मैदान पर उतारा. उस समय ब्राजील 3-0 से आगे था. जैसे ही नेमार मैदान पर आए, स्टेडियम में मौजूद हजारों फैन्स ने खड़े होकर उनका स्वागत किया. उनकी शुरुआती कुछ टच पर भी जोरदार तालियां और शोर सुनाई दिया.
इस मुकाबले के साथ नेमार अपने करियर में चौथे फीफा वर्ल्ड कप में ब्राजील का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए. हालांकि उन्हें ज्यादा समय नहीं मिला और वे गोल या असिस्ट नहीं कर सके, लेकिन उनकी मौजूदगी ही ब्राजीलियन फैन्स के लिए किसी जीत से कम नहीं थी. फुल टाइम सीटी बजते ही नेमार स्टेडियम में मौजूद दर्शकों का अभिवादन करने पहुंचे. इसी दौरान भावनाएं उन पर हावी हो गईं और उनकी आंखों से आंसू निकल पड़े. लंबे संघर्ष, चोटों और आलोचनाओं के बाद नेशनल टीम में वापसी उनके लिए बेहद खास पल साबित हुई.
नेमार को ACL चोट उस समय लगी थी जब वह सऊदी क्लब अल हिलाल के लिए खेल रहे थे. चोट के कारण वह लगातार बाहर रहे और 18 महीनों में सिर्फ सात मैच खेल सके. लगातार फिटनेस समस्याओं के चलते जनवरी 2025 में अल-हिलाल ने उनका कॉन्टैक्ट समाप्त कर दिया. इसके बाद उन्होंने अपने बचपन के क्लब सैंटोस एफसी (Santos FC) में वापसी की. जनवरी 2025 में सैंटोस लौटने के बाद नेमार ने 43 मैचों में 17 गोल किए और 8 असिस्ट भी दिए. हालांकि चोटों ने यहां भी उनका पीछा नहीं छोड़ा. सैंटोस भी इस दौरान ब्राजीलियन लीग में निचले हिस्से की टीमों में शामिल रहा.
नेमार की वर्ल्ड कप टीम में वापसी ने काफी चर्चा बटोरी क्योंकि उनकी जगह जोआओ पेड्रो जैसे युवा और शानदार फॉर्म में चल रहे खिलाड़ी को बाहर रखा गया. चेल्सी फॉरवर्ड जोआओ पेड्रो ने 2025-26 सीजन में शानदार प्रदर्शन किया था.
उन्होंने आगे कहा कि उन्हें दुनिया भर से सलाह मिली, लेकिन टीम सेलेक्शन पूरी तैयारी और सभी जरूरी आंकड़ों के आधार पर किया गया.
वर्ल्ड कप टीम की घोषणा से पहले भी एंसेलोटी ने नेमार का समर्थन करते हुए कहा था कि वह ब्राजील के लिए बेहद महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं. उनके अनुसार नेमार की फिटनेस में सुधार हुआ है और वह मैच के दौरान उच्च तीव्रता बनाए रखने में सक्षम हैं. स्कॉटलैंड पर 3-0 की जीत के साथ ब्राजील ग्रुप C में टॉप पर रहा और अंतिम-32 में पहुंच गया. अब नॉकआउट दौर में उसका सामना ग्रुप F की दूसरे स्थान वाली टीम से होगा. इस स्थान के लिए जापान, नीदरलैंड्स और स्वीडन के बीच मुकाबला है.
