अफेयर खत्म करने बॉयफ्रेंड को कुल्हाड़ी से काट-डाला, पति संग मिलकर हत्या की, सिर गड्ढे में दबाया
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में शादीशुदा गर्लफ्रेंड ने बॉयफ्रेंड को मिलने के लिए बुलाया, फिर अपने पति के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। कुल्हाड़ी से उसके शव के कई टुकड़े किए, फिर पहचान और सबूत मिटाने के लिए सिर और धड़ अलग-अलग जगह फेंक दिए। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से आरोपियों ने शव का सिर धड़ से अलग कर जंगल के गड्ढे में फेंक दिया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपराध की सूचना मिलने के महज चंद घंटों के भीतर ही आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कोदौरा निवासी अमीम अंसारी ने चौकी डौरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका भाई वसीम अंसारी 2 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे अपनी एक्टिवा स्कूटी लेकर निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। अगली सुबह 3 अक्टूबर को उसकी स्कूटी मक्का बाड़ी के पास लावारिस हालत में मिली, जबकि वसीम का कोई सुराग नहीं था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने गुमशुदगी व संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
इसी दौरान ग्रामीणों के जरिए पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम भीतर चिल्मा उबका जंगल में नाले के पास एक गड्ढे में किसी व्यक्ति का कटा हुआ सिर पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शिनाख्त कराने पर वसीम के भाई ने कटे हुए सिर की पहचान वसीम अंसारी के रूप में की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संदिग्धों की धरपकड़ शुरू की। संदेह के आधार पर ग्राम कोटडीह निवासी सोनू खैरवार (30 वर्ष) और उसकी पत्नी मनबासो (25 वर्ष) को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पूछताछ में यह बात सामने आई कि आरोपिया मनबासो और मृतक वसीम अंसारी के बीच पूर्व से अवैध संबंध थे। इसी के चलते 2 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे मनबासो ने योजनाबद्ध तरीके से फोन कर वसीम को मिलने के लिए बुलाया। जैसे ही वसीम मौके पर पहुंचा, मनबासो और उसके पति सोनू खैरवार ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत कुल्हाड़ी से वार कर उसकी नृशंस हत्या कर दी। इसके बाद अपराध को छिपाने के लिए उन्होंने सिर और धड़ को अलग-अलग जगहों पर ठिकाने लगा दिया।
डौरा पुलिस ने धारा 140(3) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों सोनू खैरवार और मनबासो खैरवार को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। डौरा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सनसनी फैलाने वाले अंधे कत्ल की गुत्थी चंद घंटों में सुलझ गई।
