UN में नेतन्याहू के भाषण का बहिष्कार, इजराइली PM बोले- अब भी कोई कायर मौजूद तो निकल जाए बाहर
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को दुनियाभर के नेताओं के सामने दिए आक्रामक भाषण में इजराइल पर गाजा में नरसंहार करने के आरोपों को ‘सदी का सबसे बड़ा झूठ’ बताया. नेतन्याहू ने ईरान के खिलाफ युद्ध छेड़ने के इजराइल के अधिकार का भी पुरजोर बचाव किया और कहा कि इस इस्लामिक देश पर हमला करना उनके द्वारा लिए गए सबसे आसान फैसलों में से एक’ था. उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने संबोधन के लिए मंच पर पहुंचते ही सदन से बाहर निकले प्रतिनिधियों को ‘नैतिक रूप से कायर’ करार दिया. नेतन्याहू ने कहा कि इजराइल अपनी रक्षा करते हुए उन कई देशों की भी रक्षा कर रहा है, जिनके प्रतिनिधि अभी इस सदन से बाहर चले गए. मैं चाहता हूं कि आप यह भी जानें कि इनमें से कई देशों के नेता ईरान के परमाणु ठिकानों को नष्ट करने के लिए निजी तौर पर हमें धन्यवाद देते हैं. नेतन्याहू के मंच की ओर बढ़ते ही सदन में उनके समर्थन और विरोध में नारे लगने लगे और बड़ी संख्या में प्रतिनिधि बाहर निकल गए. इसके बाद महासभा की अधिकांश सीटें खाली नजर आईं.
महासभा के अध्यक्ष खलील उर रहमान ने बार-बार कहा कि कृपया सदन में व्यवस्था बनाए रखें. नेतन्याहू ने कहा कि अगर कोई और नैतिक रूप से कायर व्यक्ति अभी इस सदन में मौजूद है, तो वह भी कृपया बाहर चला जाए. फिलिस्तीनी मिशन ने संयुक्त राष्ट्र के 193 सदस्य देशों में से कई से अपने अधिक से अधिक प्रतिनिधियों को महासभा कक्ष में भेजने और इजराइली प्रधानमंत्री के संबोधन के लिए नाम पुकारे जाते ही सामूहिक रूप से महासभा कक्ष से बाहर निकलने की अपील की थी.
वहीं नेतन्याहू ने न्यूयॉर्क के मेयर ममदानी पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि मिस्टर ममदानी, आपने मुझे यहां आने से रोकने की कोशिश की. आपने मेरी आवाज दबाने की कोशिश की. लेकिन, आप मेरी आवाज नहीं दबा सकते. आप सच को नहीं दबा सकते. उन्होंने कहा कि मिस्टर ममदानी, जब से आप इस शहर के मेयर चुने गए हैं, न्यूयॉर्क में कई यहूदी अब सुरक्षित महसूस नहीं करते. वे मुझसे कहते हैं, ‘यह वह शहर नहीं है जिसे हम जानते थे. यह बहुत तेजी से बदल गया है.
नेतन्याहू ने ममदानी को कहा कि आप हमास का समर्थन करने के दोषी अपराधियों की तारीफ करते हैं. आप हसन पिकर जैसे लोगों को अपना दोस्त मानते हैं, जिन्होंने कहा था कि अमेरिका 9/11 का हकदार था. कैसे दोस्त हैं आपके. आपने अपने घर पर एक फिलिस्तीनी पत्रकार को बुलाया, जिसने हमास के आतंकवादियों को इजराइली बंधकों को पीटते और प्रताड़ित करते हुए फिल्माया था, और बाद में माना कि उसने उन वीडियो को पब्लिश करने से इनकार कर दिया था ताकि – जैसा कि आपने सोचा – आतंकवादियों को बचाया जा सके.
उन्होंने कहा कि आपकी पत्नी ने 7 अक्टूबर के नरसंहार की तारीफ करने वाली एक पोस्ट को लाइक किया. उन्होंने एक और पोस्ट लाइक की जिसमें कहा गया था कि तेल अवीव का अस्तित्व नहीं होना चाहिए. आप इनमें से किसी भी बात की निंदा करने से इनकार करते हैं. आप बार-बार इजराइल पर नरसंहार का झूठा आरोप लगाते हैं. सच यह है कि इजराइल ने नरसंहार नहीं किया, इजराइल ने नरसंहार को रोका.
