पाक कलाकारों के खिलाफ म्यूजिक कंपनियों का सख्त,’सनम तेरी कसम’ से मावरा, ‘रईस’ के कवर से माहिरा की तस्वीर हटी

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब फिल्म इंडस्ट्री पर भी नजर आने लगा है। कई भारतीय म्यूजिक कंपनियों ने अपने एल्बम कवर से पाकिस्तानी कलाकारों की तस्वीरें हटा दी हैं। इससे पहले भारत में पाकिस्तानी आर्टिस्ट के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर बैन लगाया गया था। द इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, फिल्म ‘सनम तेरी कसम’ के एल्बम कवर में बदलाव किया गया है। पहले इस पर दोनों लीड एक्टर्स हर्षवर्धन राणे और पाकिस्तानी एक्ट्रेस मावरा हुसैन की तस्वीर होती थी। अब सिर्फ हर्षवर्धन राणे की तस्वीर ही नजर आ रही है। मावरा की तस्वीर स्पॉटिफाई और यूट्यूब म्यूजिक जैसे प्लेटफॉर्म से भी हटा दी गई है। सिर्फ सनम तेरी कसम ही नहीं, बल्कि शाहरुख खान की फिल्म रईस के एल्बम कवर में भी बदलाव किया गया है। पहले इस पर शाहरुख और पाकिस्तानी एक्ट्रेस माहिरा खान दोनों की फोटो थी। अब नए कवर पर सिर्फ शाहरुख खान ही नजर आ रहे हैं।

साथ ही बॉलीवुड फिल्म कपूर एंड संस के एल्बम से पाकिस्तानी एक्टर फवाद खान की तस्वीर हटा दी गई है। वहीं फवाद खान के साथ सिद्धार्थ मल्होत्रा ​​और आलिया भट्ट पर फिल्माया गया गाना “बुद्धू सा मन” अब भारत में यूट्यूब पर उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा स्पॉटिफाई और यूट्यूब म्यूजिक जैसे म्यूजिक ऐप पर गाने के पोस्टर से फवाद खान की तस्वीर हटा दी गई है। हालांकि, खूबसूरत फिल्म के कवर में कोई बदलाव नहीं हुआ है। उसमें अब भी सोनम कपूर और फवाद खान की तस्वीरें हैं।

निर्माता बोले- ‘सरकार का फैसला मानना होगा’ जब HT सिटी ने इस मुद्दे पर सनम तेरी कसम के प्रोड्यूसर से बात की तो उन्होंने कहा, “ये म्यूजिक कंपनी का फैसला है। उन्होंने मुझसे नहीं पूछा। जो सरकार कहेगी, वही सबको मानना पड़ेगा।”

‘सनम तेरी कसम 2’ को लेकर हर्षवर्धन राणे-मावरा में जुबानी जंग इस घटनाक्रम से पहले सनम तेरी कसम के लीड एक्टर्स हर्षवर्धन राणे और मावरा होकेन के बीच सोशल मीडिया पर तीखी बहस हो चुकी है। ऑपरेशन सिंदूर को सनम तेरी कसम से बॉलीवुड डेब्यू करने वालीं मावरा होकेन ने कायरतापूर्ण कहा था। भारत में काम कर चुकीं एक्ट्रेस के भारत के लिए ऐसे बोल सुनकर उनके को-स्टार हर्षवर्धन भड़क गए थे। उन्होंने ऐलान कर दिया कि अगर मावरा के साथ सनम तेरी कसम 2 बनी तो वो इसका हिस्सा नहीं होंगे। इस पर मावरा ने ये कहा था कि हर्षवर्धन उनका नाम लेकर हैडलाइन में आने की कोशिश कर रहे हैं। जिसके बाद हर्षवर्धन ने उन्हें करारा जवाब दिया था।

मावरा का पीआर स्ट्रैटजी वाला कमेंट सामने आने के बाद एक्टर ने लिखा था, ये तो पर्सनल अटैक की तरह लग रहा है। सौभाग्य से मेरे पास ऐसी कोशिशों को नजरअंदाज करने के लिए सहनशीलता है, लेकिन मेरे देश की गरिमा पर किसी भी हमले के लिए मेरे पास जीरो टोलरेंस है। हर्षवर्धन ने लिखा था, एक किसान अपनी फसल से फिजूल खपरतवार निकालता है, इसके लिए उस किसान को किसी पीआर टीम की जरुरत नहीं होती। इसे जनरल नॉलेज कहते हैं। मैंने बस पार्ट 2 (सनम तेरी कसम) से हटने की बात कही। मैं अपने देश के कार्यों को कायरतापूर्ण कहने वाले व्यक्तियों के साथ काम न करने का पूरा अधिकार रखता हूं। उनकी स्पीच में काफी नफरत और पर्सनल कमेंट्स हैं। मैंने कभी उनका नाम नहीं लिया या उन्हें नाम से पुकारने का सहारा नहीं लिया। एक महिला के रूप में उनकी गरिमा पर हमला नहीं किया। मैं उस स्टैंडर्ड को बनाए रखता हूं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *